एडीएम ने श्रद्धालुओं की सुविधा को लेकर अधिकारियो क़ो.दिए सख्त निर्देश

सोनपुर । एक माह तक लगने वाली श्रावणी मेला के दौरान पहलेजा घाट पर राज्य के कोने-कोने से आकर उमड़ने वाली बोलबम काँवरिया व श्रद्धालुओं की भीड़ को देखते हुए जिला प्रशासन ने तैयारियों की जमीनी हकीकत परखनी शुरू कर दी है। इसी क्रम में शुक्रवार शाम को सारण के अपर समाहर्ता (एडीएम), सोनपुर के अनुमंडल पदाधिकारी (एसडीएम) तथा विभिन्न विभागों के अधिकारियों ने पहलेजा घाट पहुंचकर व्यवस्थाओं का गहन निरीक्षण किया। इस दौरान अधिकारियों ने  सावनी मेला क्षेत्र का भ्रमण कर तैयारियों की समीक्षा की और संबंधित विभागों को समय रहते सभी व्यवस्थाएं दुरुस्त करने का निर्देश दिया।
निरीक्षण के दौरान घाट तक पहुंचने वाले संपर्क मार्ग, बैरिकेडिंग, साफ-सफाई, पेयजल, प्रकाश व्यवस्था, शौचालय, चिकित्सा सुविधा, सुरक्षा व्यवस्था और भीड़ नियंत्रण की तैयारियों का बारीकी से जायजा लिया गया। अधिकारियों ने कहा कि मेला अवधि में हजारों श्रद्धालुओं का आगमन होता है, इसलिए प्रत्येक विभाग अपनी जिम्मेदारी का निर्वहन पूरी गंभीरता से करे।
अधिकारियों ने विशेष रूप से निर्देश दिया कि श्रद्धालुओं के आवागमन में किसी प्रकार की बाधा नहीं होनी चाहिए। घाट परिसर में पर्याप्त सुरक्षा बल की तैनाती, नियमित साफ-सफाई, निर्बाध विद्युत आपूर्ति, प्राथमिक उपचार की व्यवस्था तथा आपातकालीन सेवाओं को पूरी तरह सक्रिय रखा जाए। साथ ही संवेदनशील स्थानों पर विशेष निगरानी रखने और सभी विभागों के बीच बेहतर समन्वय बनाए रखने पर भी जोर दिया गया।
निरीक्षण के दौरान अधिकारियों ने कहा कि श्रावणी मेला आस्था का बड़ा पर्व है। ऐसे में प्रशासन का उद्देश्य श्रद्धालुओं को सुरक्षित, व्यवस्थित और सुविधाजनक वातावरण उपलब्ध कराना है। इसके लिए सभी विभागों को मेला शुरू होने से पहले अपनी तैयारियां हर हाल में पूरी करने के निर्देश दिए गए।