पाकिस्तान ने पांच हवाई पट्टी से अपनी घरेलू व अंतराष्ट्रीय उड़ाने रोकी

नई दिल्ली. पाकिस्तान ने बुधवार सुबह नौशेरा एलओसी के पास भारतीय वायु सीमा का उल्लंघन किया. इस दौरान पाकिस्तान के एक विमान को भारतीय वायु सेना ने मार गिराया है. युद्ध जैसे हालात देखते हुए पाकिस्तानी सुरक्षा बलों ने सुरक्षा कारणों का हवाला देते हुए अपने पांच एयरपोर्ट बंद कर दिए. पाकिस्तान ने आदेश जारी करके लाहौर, मुल्तान, फैसलाबाद, सियालकोट और इस्लामाबाद एयरपोर्ट बंद कर दिए. उन्होंने अपनी सभी उड़ानें बंद कर दी.

पाकिस्तान से सभी घरेलू और अंतर्राष्ट्रीय उड़ाने रद्द कर दी गई हैं. हालांकि सूत्रों का दावा है कि ये सभी एयरपोर्ट पाकिस्तानी सेना के लिए खुले रहेंगे. पाकिस्तान के एयरस्पेस को खाली करवा दिया गया है और एयरस्पेस को हाई अलर्ट पर रखा गया है. एयरपोर्ट बंद होने के कारण कई भारत और पाकिस्तान के बीच चलने वाली अंतर्राष्ट्रीय उड़ानें भी प्रभावित हुई हैं. कुछ फ्लाइट उन जगहों पर वापस लौट गई हैं जहां से उन्होंने उड़ान भरी थी और कुछ फ्लाइट्स के रूट बदल दिए गए हैं.

input : inkhabar.com