जिले के 34 बच्चों के हृदय की आईजीआईसी पटना में होगी जांच 

  • राष्ट्रीय बाल सुरक्षा कार्यक्रम के तहत होगी जांच 
  • 13 वें बैच में हाजीपुर की अनुष्का लौटी बुधवार को 

वैशाली, 8 दिसंबर ।
राष्ट्रीय बाल सुरक्षा कार्यक्रम के तहत जिले के 34 बच्चों के हृदय की स्क्रीनिंग 15 दिसंबर को आईजीआईसी पटना में होगी। आरबीएसके के जिला समन्वयक डॉ अशोक कुमार ने कहा कि बाल हृदय योजना के तहत जांच शिविर का आयोजन आईजीआईसी में 15  से 17 दिसंबर तक होना है। जिसमें वैशाली जिले के स्क्रीनिंग किए हुए 34 बच्चों की भी 15 दिसंबर को आईजीआईसी पटना में जांच होगी। वहां इन बच्चों के हृदय की गहनता से जांच की जाएगी। वहीं इनका इको भी किया जाएगा। 

सर्जरी के लिए बच्चे जाएंगे अहमदाबाद:
डॉ अशोक ने कहा कि बाल हृदय योजना के तहत हल्के लक्षणों वाले बच्चों का इलाज पटना में जबकि सर्जरी से ठीक होने वाले बच्चों को अहमदाबाद भेजा जाएगा। डॉ अशोक ने कहा कि हृदय में छेद जैसी बीमारी से लड़ रहे बच्चों के लिए हृदय के ऑपरेशन की स्वास्थ्य विभाग की इस पहल से बच्चों को नई जिंदगी मिल रही है। पीड़ित के साथ उनके अभिभावक की यात्रा के अलावा ठहरने और भोजन का खर्च राज्य सरकार वहन करती है। 

ओपन हर्ट सर्जरी कराकर बुधवार को लौटी अनुष्का: 
डॉ अशोक ने बताया कि 12 वें बैच में 25 नवंबर को हृदय के ओपन हर्ट सर्जरी के लिए हाजीपुर रंदौली की रहने वाली अनुष्का बुधवार को लौट गयी। उसे एम्बुलेंस से पटना से उसके घर पहुंचाया गया। अनुष्का अभी छह साल की है। उसके पिता राकेश पासवान ने ऑपरेशन के लिए स्वास्थ्य विभाग और आरबीएसके का शुक्रिया अदा किया है।
बच्चों के अभिभावक सदर अस्पताल में करें संपंर्क:
डॉ अशोक ने कहा कि जिन भी अभिभावक को यह लगता हो कि उनके बच्चे को हृदय की कोई समस्या है या अन्य किसी गंभीर बीमारी के लक्षण हैं तो वह सदर अस्पताल के आरबीएसके विभाग में आकर मुझसे संपंर्क कर सकते हैं। उनके बच्चे की पहले आरबीएसके के डॉक्टर स्क्रीनिंग करेंगे उसके बाद उनका इलाज कराया जाएगा।