यातायात के लिए बंद आरओबी आज शाम या कल खुल जाएगा
आज़ाद नेब
भीलवाड़ा 6 जून। तीन महीने से बंद पड़ा भीलवाड़ा शहर को जोड़ने वाला रेलवे ओवरब्रिज का कलेक्ट्रेट की तरफ वाला मार्ग आज शाम या कल तक यातायात के लिए फिर खुल जाएगा । कल प्रशासन ने इस बंद मार्ग को लेकर बढ रहे जन रोष को देखते हुए त्रिसदस्यी कमेटी गठित कर 3 दिन में सुझाव मांगा था ।
कमेटी के मुखिया जिला परिवहन अधिकारी श्री जनार्दन आचार्य ने बताया कि हालांकि इसे बंद करने से पहले यहां दोपहिया वाहनो की टक्कर के छिटपुट मामले हुए,बड़े हादसे टालने और यहां लगने वाले ट्रैफिक जाम के कारण कमेटी ने सर्वसम्मति से प्रायोगिक फैसला लिया था । कल जिला कलेक्टर ने जनभावना को समझ कर कमेटी को ‘रिव्यु’ के निर्देश दिए जिस पर यह निर्णय लिया गया ।
खैर,देर आए दुरस्त आए वाले इस जनहित के फैसले केलिए प्रशासन को बधाई । आरओबी मूल दशा में आ जाने के बाद वाहनचालकों की भी जिम्मेदारी होगी कि वे अपनी और दूसरों की सुरक्षा को देखते हुए यातायात नियमों की पालना करें । अंत में एक बात यह रहती है कि रेलवे स्टेशन का दूसरा गेट भी इसी व्यस्ततम मार्ग पर खोले जाने का प्रस्ताव है लिहाजा यहां यातायात दबाव और बढेगा,भारी वाहनो की शहर में एंट्री सख्ती से रोक कर,अधूरे पड़े कब्रिस्तान वाले सड़क मार्ग को चौड़ा कर ,पुलिस लाईन के बाहर की सड़क के अतिक्रमण हटवा कर भी यहां यातायात को दुरस्त किया जा सकता है । ऐसा सब करने के लिए जरुरत होगी दृढ इच्छाशक्ति की ।जन प्रतिनिधि चाहेंगे तो यह ‘क्रेडिट’ उनके हिस्से में ही आएगा।




Recent Comments