
मढ़ौरा (सारण)। मंगलवार को मढ़ौरा प्रखंड के ग्राम पंचायत राज तेजपुरवा स्थित पंचायत भवन में ‘विकसित भारत समृद्ध बिहार अभियान’ के तहत एक विशेष सहयोग शिविर का आयोजन किया गया। इस शिविर का मुख्य उद्देश्य ग्रामीण स्तर पर आम जनता की समस्याओं का त्वरित समाधान करना और सरकारी योजनाओं का लाभ पात्र लाभार्थियों तक पहुंचाना था। शिविर का संचालन मढ़ौरा अंचल के राजस्व पदाधिकारी सुनील कुमार के नेतृत्व में किया गया। इस दौरान स्थानीय मुखिया परमात्मा राय समेत विभिन्न विभागों के प्रमुख कर्मी उपस्थित रहे, जिन्होंने ग्रामीणों की शिकायतों को गंभीरता से सुना।शिविर में विभिन्न विभागों से कुल 47 आवेदन प्राप्त हुए। इनमें से 12 आवेदन पहले से प्राप्त थे, जबकि 35 नए आवेदन सीधे शिविर के दौरान दर्ज किए गए। सबसे अधिक भीड़ राशन कार्ड और प्रधानमंत्री आवास योजना से संबंधित मामलों को लेकर देखी गई। निष्पादन और लंबित मामलों की स्थिति
आधिकारिक आंकड़ों के अनुसार, शिविर में कुल प्राप्त 47 आवेदनों में से 9 मामलों का सफल निष्पादन कर दिया गया। राहत की बात यह रही कि किसी भी आवेदन को अस्वीकृत नहीं किया गया है। हालांकि, कागजी प्रक्रिया और भौतिक सत्यापन के कारण 38 आवेदन फिलहाल लंबित रखे गए हैं, जिनके जल्द निस्तारण की बात कही गई है।विभागवार स्थिति देखें तो आवास योजना के सभी 6 और सामाजिक सुरक्षा के सभी 3 मामलों का मौके पर ही निपटारा कर दिया गया। वहीं, राशन कार्ड के 35 और राजस्व विभाग के 3 आवेदन प्रक्रियाधीन होने के कारण लंबित श्रेणी में हैं। इस शिविर से ग्रामीणों को अपनी समस्याओं के समाधान की उम्मीद जगी है। वहीं नगर पंचायत सरकार द्वारा नगर के मढ़ौरा के खुर्द में आयोजित सहायता शिविर में नगर कर्मियों द्वारा संचालित किया गया। शिविर में अधिकारी वर्ग की उपस्थिति नदारद रहने से आम लोगों ने भी अपनी समस्याएं नहीं के बराबर ही रखी।




Recent Comments