पूर्व विधायक कुशवाह को धौलपुर जेल से श्रीगंगानगर कारागार भेजा
राकेश फौजदार
भरतपुर 1 अप्रेल। राजस्थान में धौलपुर की जेल में हत्या के एक बहुचर्चित एक मामले में आजीवन कारावास की सजा काट रहे पूर्व विधायक एवम धौलपुर उप चुनाव में भाजपा उम्मीदवार शोभारानी के पति बनवारी लाल कुशवाह को भारत निर्वाचन आयोग के निर्देश तथा गृह विभाग के आदेश के बाद शनिवार अलसुबह धौलपुर जिला कारागृह से श्रीगंगानगर केन्द्रीय कारागार भेज दिया गया। जेल के प्रशासनिक सूत्रों ने बताया कि भारी सुरक्षा के साथ जेल वाहन से उन्हें धौलपुर से जयपुर और फिर श्रीगंगानगर जेल ले जाया जाएगा। गौरतलब है कि इस मामले में पिछले दिनों कांग्रेस की ओर से जयपुर में मुख्य निर्वाचन अधिकारी अश्विनी भगत तथा धौलपुर कलेक्टर को शिकायत की गयी थी लेकिन कोई कार्रवाई नहीं होते देख कांग्रेस प्रदेशाध्यक्ष सचिन पायलट ने भारत निर्वाचन आयोग को मामले की शिकायत दर्ज कराई थी। गौरतलब है कि कुशवाह पहले भरतपुर की सेवर सेंट्रल जेल में थे लेकिन चुनाव प्रक्रिया के दौरान उन्हें धौलपुर जेल में रखा गया था। चुनाव आयोग ने शुक्रवार देर रात कुशवाह को धौलपुर जेल से दूर किसी अन्य जेल में भेजने के आदेश दिए थे।




Recent Comments