मोतिहारी। चकिया थाना क्षेत्र के गंगा सिरसिया गांव में मंगलवार की रात बैंक कैशियर के घर हुई भीषण डकैती का 24 घंटे के अंदर पुलिस ने उद्भेदन कर लिया है। पुलिस ने बुधवार की रात इस कांड में शामिल छह बदमाशों को गिरफ्तार किया है। लुटेरों के पास से लूट के आभूषण भी बरामद किए गए हैं। डीएसपी मुंद्रिका प्रसाद ने बताया कि पकड़े गए बदमाशों में इस कांड का सरगना साहेबगंज के सरावां गांव निवासी योगेंद्र नट उर्फ योगीनाथ, शंभू नट, साइन नट, राजेश नट, श्याम नट व दिल मोहमद नट शामिल हैं। योगेंद्र नट कई बार जेल जा चुका है। वह हाल ही में केंद्रीय कारा मोतिहारी से बाहर आया था। कैशियर मयनारायन प्रसाद के परिजनों ने पकड़े गए बदमाशों की पहचान की है। पूछताछ में सभी बदमाशों ने लूट की घटना में संलिप्तता स्वीकारी है। पुलिस शेष बदमाशों की गिरफ्तारी के लिए छापेमारी कर रही है। छापेमारी में थानाध्यक्ष सह इंस्पेक्टर संजय कुमार, दरोगा विनय कुमार ¨सह व सशस्त्र बल के जवान शामिल थे। गिरफ्तार लुटेरों को जेल भेज दिया गया है।
ये है मामला
चकिया थाना क्षेत्र के गंगा सिरसिया गांव में मंगलवार की रात दर्जनभर बदमाशों ने बैंक कैशियर मयनारायण प्रसाद के घर मे घुसकर करीब दस लाख रुपये के जेवरात, मोबाइल व नकदी लूट ली थी। इस दौरान गृहस्वामी के पुत्र व बहू को घायल कर दिया था। दहशत फैलाने के लिए हवाई फाय¨रग की थी व एक बम भी फोड़ा था।




Recent Comments