ऑडियो क्लिपिंग को लेकर गुस्साए युवकों ने की डॉक्टर की पिटाई
राकेश फौजदार 
भरतपुर 7 जून। राजस्थान के सवाई माधोपुर में बुधवार को एक सरकारी डॉक्टर की कथित ऑडियो क्लिपिंग को लेकर गुस्साए युवकों ने अस्पताल में घुसकर डॉक्टर के साथ मारपीट कर दी। मामला शहर के सामान्य चिकित्सालय में कार्यरत स्त्री रोग विशेषज्ञ डॉ.महेंद्र जैन से जुड़ा है। डॉक्टर जैन की एक महिला मरीज को लेकर मोबाइल पर कथित आपत्तिजनक बातचीत वायरल होने के बाद यह घटना हुई। प्राप्त जानकारी के अनुसार डॉ. जैन ने अपने साथ मारपीट को लेकर एफआईआर दर्ज कराई है. पुलिस ने डॉक्टर के आरोपों के आधार पर तीन लोगों के खिलाफ नामजद रिपोर्ट दर्ज करते हुए आरोपियों की तलाश शुरू कर दी है.मारपीट की इस घटना से नाराज अस्पताल के सभी चिकित्सकों ने तत्काल प्रभाव से कार्य का बहिष्कार कर दिया. इस दौरान अस्पताल में मौजूद मरीजों ने चिकित्सकों की इस हड़ताल पर हंगामा कर दिया. इस पर पुलिस प्रशासन ने स्थिति को नियंत्रित किया. घटना की सूचना पर कलेक्टर केसी वर्मा अस्पताल पहुंचे और चिकित्सकों से समझाइश करते हुए डॉक्टरों काम पर लौटने के लिए राजी किया. हालांकि डॉक्टरों ने मामले में आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए प्रशासन को 24 घंटे का अल्टीमेटम दिया है।