परवेज अख्तर/उचकागांव (गोपालगंज) थाना क्षेत्र के हरपुर पंचायत के कैथवलिया पूरब टोला निवासी पैक्स अध्यक्ष प्रमोद कुमार सिंह के छोटे भाई राजीव कुमार सिंह बीते 23 फरवरी से रहस्यमय ढंग से लापता चल रहे हैं।काफी खोजबीन के बावजूद भी जब उनका कोई पता नहीं चला तो मामले को लेकर थाने में प्राथमिकी दर्ज कराई गई है।
बताया जा रहा है कि बीते 23 फरवरी को हरपुर पंचायत के कैथवलिया गांव निवासी पैक्स अध्यक्ष प्रमोद कुमार सिंह के छोटे भाई राजीव कुमार सिंह अपने कैथवलिया गांव स्थित पैतृक घर से बुलेट पर सवार होकर सामपुर गांव स्थित अपने ईंट भट्ठा चिमनी का काम देखने के लिए निकले। परंतु देर रात तक जब वह घर नहीं पहुंचे तो परिजनों द्वारा उनकी खोजबीन शुरू कर दी गई।इस दौरान के मोबाइल पर संपर्क करने पर भी उनका मोबाइल बंद पाया गया। वहीं सामपुर स्थित ईट चिमनी भट्ठा पर पूछताछ करने पर मजदूरों द्वारा उनके वहां नहीं पहुंचने की बात बताई गई। इस दौरान परिजनों द्वारा अपने संबंधियों के घर भी उनकी खोजबीन की गई। परंतु उनका कहीं कोई पता नहीं चला। घर से निकलने के 20 दिन बाद भी जब उनका कही कोई अता पता नहीं चला तो मामले को लेकर पैक्स अध्यक्ष प्रमोद कुमार सिंह के पिता महातम सिंह के द्वारा उचकागांव थाने में अपने बेटे राजीव कुमार सिंह के रहस्यमय ढंग से लापता होने की प्राथमिकी दर्ज कराई गई है। पुलिस मामले में जांच पड़ताल कर रही है।