
डोरीगंज (सारण):अवतार नगर थाना क्षेत्र के छोट झौंवा गांव में असामाजिक तत्वों ने शहीद गौरीशंकर की आदमकद प्रतिमा को क्षतिग्रस्त कर दिया। राधेकृष्ण मंदिर परिसर में लगी इस प्रतिमा को तोड़े जाने की खबर मिलते ही पूरे इलाके में भारी आक्रोश फैल गया है।मंगलवार सुबह ग्रामीणों ने घटना की जानकारी शहीद की पत्नी रीना देवी को दी। इसके बाद रीना देवी ने अवतार नगर थाने में लिखित आवेदन देकर कड़ी कार्रवाई की मांग की है।
अवैध शराब कारोबारियों पर जताया संदेह
थाने में दिए गए आवेदन के अनुसार, अज्ञात उपद्रवियों ने ईंट, पत्थर और मिट्टी के ढेलों से हमला कर प्रतिमा को नुकसान पहुंचाया है। रीना देवी ने आशंका जताई है कि इस घटना के पीछे शहीद स्मारक के पास देर रात तक जमने वाली शराबियों की महफिल और अवैध शराब का कारोबार करने वाले असामाजिक तत्व हो सकते हैं।
पुलिस की जांच जारी
घटना से गुस्साए ग्रामीणों ने दोषियों को जल्द गिरफ्तार करने और शहीद स्मारक की सुरक्षा पुख्ता करने की मांग की है। वहीं, अवतार नगर थानाध्यक्ष साकेत बिहारी ने बताया कि पुलिस को आवेदन मिल गया है। सभी बिंदुओं पर बारीकी से जांच की जा रही है और दोषियों की पहचान कर उनके खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई की जाएगी।




Recent Comments