सोनपुर, दिघवारा, छपरा एवं रिविलगंज में स्टॉर्म वाटर ड्रेनेज सिस्टम के साथ ही सोनपुर दिघवारा एवं छपरा में इन्टरसेप्सन एण्ड डायवर्सन का भी होगा निर्माण
#स्टॉर्म वाटर ड्रेनेज निर्माण
योजना को शीघ्र पूरा करने के लिए प्रथम चरण के साथ ही होगा दूसरे चरण का कार्य
# इन्टरसेप्सन डायवर्सन का भी कराया जायेगा कार्य
# बुडको कर सकती है योजना को कार्यरूप में परिणत, सभी योजनाओं को लाया गया एक डीपीआर के अन्तर्गत
छपरा (सारण)10 जून, 2018 : सोनपुर, दिघवारा, छपरा एवं रिविलगंज में स्टॉर्म वाटर ड्रेनेज सिस्टम के साथ ही सोनपुर दिघवारा एवं छपरा में इन्टरसेप्सन एण्ड डायवर्सन का भी निर्माण होगा। विगत दिनों शहर में नाला निर्माण एवं गंदे पानी की शुद्धीकरण विषय पर सारण सांसद श्री राजीव प्रताप रुडी की अध्यक्षता में आयोजित बैठक में सांसद ने उक्त निर्देश दिया था। श्री रुडी की अध्यक्षता में संपन्न पूर्ववर्ती बैठक के आलोक में सारण के उप विकास आयुक्त श्री रौशन कुशवाहा की अध्यक्षता में मंगलवार को आयोजित बैठक में दोनो योजनाओं को एक ही डीपीआर में शामिल करते हुए कार्य कराये जाने का निर्णय लिया गया। साथ ही छपरा स्टॉर्म वाटर ड्रेनेज सिस्टम का कार्य जो दूसरे चरण में निर्धारित किया गया था, उसे भी अब बिहार सरकार की स्वामित्व वाली प्रमुख कंपनी बिहार शहरी इंफ्रास्ट्रक्चर डेवलपमेंट कॉरपोरेशन लिमिटेड (बुडको) के द्वारा प्रथम चरण के कार्य के साथ ही कराया जायेगा। दरअसल सांसद श्री रुडी का मानना है कि जनहित की कई छोटी परियोजनाओं को अलग-अलग कार्यान्वित करने में तकनीकी रूप से परेशानी होती है और कार्य में विलंब होता है, जिससे जनता को उसका सही लाभ नहीं मिल पाता है। इसीलिए इन योजनाओं को को अलग-अलग न कराकर सबको संयुक्त रूप से एक वृहद योजना के तहत कार्य कराना चाहिए, ताकि योजना के कार्यान्वयन में तीव्रता आये और जिससे जनहित के कार्यों में अनावश्यक विलंब न होने पाये।
श्री रुडी ने बताया कि सभी योजनाओं को एक साथ समन्वित कर क्षेत्रीय विकास को गति प्रदान करने का प्रयास किया जा रहा है। सारण क्षेत्र के जनता की चिर लंबित अभिलाषा (बेहतर ड्रेनेज सिस्टम) भी अब पूरी होने जा रही है। उन्होंने कहा कि योजना के तहत सारण में 150 करोड़ की लागत से इण्टरसेप्सन का निर्माण और 50 करोड़ की लागत से स्टॉर्म ड्रेनेज का निर्माण कराया जाना है। इन योजनाओं के पूरा होने के बाद छपरा को एक उच्च क्षमता का स्टार्म ड्रेनेज मिलेगा जिससे स्थानीय निवासियों को जल जमाव से हमेशा के लिए मुक्ति मिल जायेगी। मालूम हो कि श्री रुडी की अध्यक्षता में योजनाओं से संबंधित 11 मई को बैठक संपन्न हुई थी जिसमें श्री रुडी ने योजना से जुड़ी इरकॉन, पथ निर्माण विभाग, बुडको, एनएचएआई एवं नगर निगम के अधिकारियों से सारण डीडीसी श्री रौशन कुशवाहा के साथ विचार-विमर्श किया था, इसके बाद श्री रुडी ने योजना से संबंधित कुछ निर्देश अधिकारियों को दिये थे। उसी बैठक के आलोक में 5 मई को डीडीसी की अध्यक्षता में यह बैठक आयोजित की गई थी।
बैठक में यह निर्णय लिया गया कि यदि स्टॉर्म वाटर ड्रेनेज सिस्टम के डीपीआर में कोई मुख्य नाला शामिल नहीं किया गया हो या छूट गया हो तो उसे योजना के कार्यान्वयन के समय योजना के अंतर्गत लाया जायेगा। साथ हीं यह निर्णय हुआ कि सोनपुर, दिघवारा, छपरा एवं रिविलगंज के स्टॉर्म वाटर ड्रेनेज सिस्टम एवं सोनपुर, दिघवारा तथा छपरा के इन्टरसेप्सन एण्ड डायवर्सन योजना का कार्य बुडको द्वारा कराया जा सकता है।