सिवान :मानव श्रृंखला बना कार्यपालक सहायकों ने दिखाई एकजुटता
#परवेज़ अख्तर/सीवान

सिवान :पछले दो दिनों से अपनी मांगों को लेकर कलेक्ट्रेट के मुख्य द्वार पर अनिश्चितकालीन हड़ताल पर डटे कार्यपालक सहायकों ने बुधवार को एकजुटता का प्रदर्शन करते हुए मानव श्रृंखला बनाकर अपनी हक की आवाज बुलंद की। सरकार द्वारा शराबबंदी, दहेज प्रथा व बाल विवाह उन्मूलन के लिए बनाई गई मानव श्रृंखला के समय ही कार्यपालक सहायकों ने भी बुधवार को श्रृंखला बनाई। पांच सूत्री मांगें पूरी नहीं होने तक हड़ताल जारी रखने की बात कही गई। बिहार राज्य कार्यपालक सहायक सेवा संघ के आह्नान पर धरना पर डटे कार्यपालक सहायक संघ के जिलाध्यक्ष अभिषेक कुमार तिवारी ने कहा कि प्रधान सचिव सामान्य प्रशासन वार्ता के लिए बुला रहे हैं, लेकिन उनकी बात अनुचित है। मानदेय बढ़ाने के मुद्दे पर परीक्षा देने व परीक्षा आयोजित करने की जिम्मेदारी बेलट्रान कंपनी को देने की आलोचना करते हुए कहा कि इससे धांधली बढ़ेगी। जिलाध्यक्ष ने बताया कि कार्यपालक सहायकों की हड़ताल से सबसे अधिक जाति, निवास, आय, रजिस्ट्री, इंदिरा आवास व आपूर्ति के कार्य प्रभावित हो रहे हैं। कार्यपालक सहायक प्रिया रानी ने कहा कि समान काम के लिए समान वेतन की मांग जायज है। हटाए गए कार्यपालक सहायकों को शीघ्र पदास्थिपत करने की मांग करते हुए सेवा की अवधि 60 वर्ष तक करने की बात कही। इधर, अराजपत्रित कर्मचारी महासंघ ने कार्यपालक सहायकों की मांगों का मसर्थन किया है। संघ के अध्यक्ष रामचंद्र मिश्र ने धरना में कहा कि समान काम के लिए समान वेतन की मांग जायज है। हमारा संघ कार्यपालक सहायकों की मांगों का समर्थन करता है। सरकार मांगों को नहीं मानती तो जेल भरो आंदोलन भी शुरू किया जाएगा।
इधर, धरना में मुकेश कुमार सिटू, मुकेश कुमार ठाकुर, रंजीत कुमार शर्मा, रंजीत कुमार, विवेक कुमार, ललन कुमार यादव, अजितेश प्रसाद, सचिन कुमार, अनुराज कुमार, देवेन्द्र कुमार, विजय कुमार प्रजापति, अक्षय कुमार, ललन कुमार यादव, ब्रिजेन्द्र कुमार, आलोक कुमार, अकिबुल हसन,रणजीत कुमार पांडेय, अमित कुमार, राहुल राज पासवान, मुकेश कुमार, यासिका कुमारी, खुशबू कुमारी, शिल्पी कुमारी राय, अंजलि कुमारी, मनोज कुमार व शैलेश कुमार मौजूद थे।
____________________