मांझी। मांझी प्रखंड कार्यालय में कथित रूप से व्याप्त भ्रष्टाचार के मुद्दे को लेकर माड़ीपुर निवासी पुरुषोत्तम पाण्डेय ने प्रखंड मुख्यालय परिसर में अनिश्चितकालीन आमरण अनशन शुरू किया है। उन्होंने कहा कि प्रखंड कार्यालय में व्याप्त भ्रष्टाचार को लेकर जनता कराह रही है। जातीय, आवासीय तथा आय प्रमाण पत्र आदि बनवाने के लिए भी लोगों को प्रखंड मुख्यालय का चक्कर काटना पड़ता है। काउंटर पर प्रमाणपत्र निर्गत करने के नाम पर उन्होंने लेन देन का आरोप लगाया। उन्होंने कहा कि प्रत्येक काउंटर पर दलाल घूमते रहते हैं। दूरदराज से आए बच्चे बच्चियां या महिलाएं जब आवेदन देती हैं तो उनसे कर्मचारी से सिग्नेचर कराकर लाने की बात कही जाती है। जबकि प्रखंड मुख्यालय में कोई कर्मचारी रहता ही नहीं है। फिर भी कर्मचारी को ढूंढ कर हार जाती हैं। तब दलाल उन्हें अपने झांसे में लेकर तय रकम की उगाही कर फटाफट काम करा देते हैं। लेन देन नही करने वाले को 20: 25 किलोमीटर दूर दराज से आकर बैरंग वापस लौट जाना पड़ता है। उन्होंने कहा कि इस कार्य में पुलिस बल से लेकर कर्मचारी एवं अधिकारी तक लिप्त हैं।