वैशाली: खाना बनाने के दौरान लगी घर में आग,लाखों की नुकसान।
हाजीपुर। नगर थाना क्षेत्र के बागमली मोहल्ले में खाना बनाने के दौरान लगी आग से एक घर का सारा सामान जलकर राख हो गया। घटना की सूचना पर पहुंचे फायरबिग्रेड कर्मियों ने आग पर किसी तरह काबू पाया। आग की उठ रही तेज लपटें के कारण किसी ने घर से कोई सामान निकालने की हिम्मत नहीं जुटा सके जिस वजह से घर का कोई सामान बचाया नहीं जा सका है। बेटी की शादी के लिए घर में खर्च के लिए रखे गए नगद रुपये भी जलकर राख हो गए।
इस संबंध में मिली जानकारी के अनुसार नगर थाना क्षेत्र के बागमली मोहल्ला निवासी विशेश्वर ठाकुर के घर में सोमवार की रात खाना बनाने के दौरान गैस का पाइप लीकेज होने के कारण आग लग गई। आग ने देखते ही देखते इतना विकराल रूप धारण कर लिया कि घर के सदस्यों ने किसी तरह घर से भाग कर अपनी जान बचाई। आग की भयावहता के कारण घर का कोई सामान घर से निकाला नही जा सका। घटना की सूचना तत्काल फायरबिग्रेड को दी गई लेकिन जब तक मौके पर गाड़ी पहुंचती तब तक घर का सारा सामान जल कर राख हो चुका था। काफी देर की मशक्क्त के बाद आग पर काबू पाया जा सका। गृहस्वामी ने बताया कि कुछ दिन बाद ही उसकी पुत्री की शादी होने वाली है। इसकी तैयारी भी चल रही थी। घर में शादी के सामान की भी खरीदारी कर रखी गई थी तथा खर्च के लिए नकद रुपये भी रखे गए थे सभी जल गए। इस घटना ने उन्हें झकझोर कर रख दिया है।




Recent Comments