• भारतीय पुलिस सेवा के 132 प्रशिक्षुओं के बीच डेढ़ घंटे का दिया व्याख्यान
• 4 सितम्बर को होगा पासिंग आउट परेड
• 28 महिला आईपीएस प्रशिक्षुओं के साथ ही बिहार के भी एक दर्जन से अधिक प्रशिक्षु अधिकारी शामिल

नई दिल्ली । सिविल सेवा परीक्षा द्वारा चयनित भारतीय पुलिस सेवा के अधिकारियों की दक्षता को निखारने का सर्वश्रेष्ठ प्रशिक्षण केन्द्र है राष्ट्रीय पुलिस अकादमी। दक्षता से समृद्धि का बीज पनपता है। सच कहा जाये तो समृद्धि का मूल मंत्र दक्षता में ही निहित है। जो जितना दक्ष होता है वो उतना ही समृद्ध होता है। वह राष्ट्र सबसे अधिक संपन्न और शक्तिशाली माना जाता है, जहां के लोग दक्ष होते है। यह राष्ट्रीय पुलिस अकादमी भी देश के सर्वश्रेष्ठ युवाओं को दक्ष करने का एक माध्यम है, जहां देश के तमाम होनहार युवाओं के चयन उपरान्त प्रशिक्षण देकर उनकी दक्षता को निखारने का कार्य किया जाता है, ताकि वे कल राष्ट्र के शांति व समृद्धि में अपना योगदान दें। उक्त बातें सारण लोकसभा क्षेत्र के सांसद सह भारतीय जनता पार्टी के राष्ट्रीय प्रवक्ता राजीव प्रताप रुडी ने सरदार वल्लभ भाई पटेल राष्ट्रीय पुलिस अकादमी, हैदराबाद के प्रशिक्षुओं के ‘‘पुलिस-राजनीतिज्ञ इंटरफेस’’ विषय पर वर्चुअल व्याख्यान के दौरान कही। पुलिस और राजनीतिज्ञ एक दूसरे के पूरक है और जनता के प्रति जवाबदेह है, जिसके लिए दोनों को पारदर्शी ढंग से ईमानदारी के साथ सच्चाई सामने लाने में अपनी भूमिका निभानी चाहिए। उन्होंने कहा कि वर्तमान में जन सामान्य से सामंजस्य बैठाना पुलिस के लिए चुनौती है। अपने पदस्थापन के दौरान अधिकारियों को जनता के बीच माहौल के देखकर हर स्थिति को अपने संतुलन में रखने के लिए ऐसे प्रयास करने होंगे जिससे पुलिस और आमजनता के बीच की दूरियों को मिटाया जाए।
उल्लेखनीय है कि सांसद रुडी प्रतिवर्ष हैदराबाद के सरदार वल्लभ भाई पटेल राष्ट्रीय पुलिस अकादमी, में भारतीय पुलिस सेवा के प्रशिक्षुओं को पास आउट परेड के पूर्व व्याख्यान देते है। गुरुवार को भी श्री रुडी एक व्याख्याता की भांति हैदराबाद में आर॰आर॰ 71 (वर्ष 2018) बैच के भारतीय पुलिस सेवा के प्रशिक्षुओं के बीच व्याख्यान दे रहे थे। 132 आइपीएस अधिकारियों में 28 महिला अधिकारी भी थी। व्याख्यान में बिहार कैडर के भी आइपीएस अधिकारी थे, जिन्हें प्रशिक्षण उपरान्त राज्य के विभिन्न भागों में प्रतिनियुक्त किया जायेगा।




Recent Comments