मिठाई दुकानदार हत्याकांड में फरार चल रहे सेना के जवान की अब तक गिरफ्तारी नहीं, परिजनों में आक्रोश
#परवेज़ अख्तर/सिवान:
जिले के बड़हिरया थाना क्षेत्र के बड़हरिया बाजार के मिठाई दुकानदार वीरेंद्र कुमार यादव हत्याकांड में अप्राथमिक अभियुक्त सह सेना के जवान की गिरफ्तारी नहीं होने से मृतक के परिजनों में पुलिस प्रशासन के प्रति आक्रोश है। न्याय के लिए परिजन दर-दर भटक रहे हैं। उक्त घटना 12 अक्टूबर, 17 की है। घटना उस समय घटी जब मिठाई दुकानदार वीरेंद्र कुमार यादव अपनी दुकान से अपने गांव नूरा छपरा बाइक से लौट रहे थे। तभी रास्ते
में बाइक सवार बदमाशों ने गोली मार कर उनकी निर्मम हत्या कर दी थी। इस घटना को लेकर मृतक वीरेंद्र कुमार यादव के छोटे भाई उपेंद्र कुमार यादव के बयान पर बड़हरिया थाने में प्राथमिकी कांड सं. 357/17 अज्ञात के खिलाफ दर्ज कराई थी। इस मामले में पुलिस ने जांच के क्रम में कई लोगों को अप्राथमिक अभियुक्त बनाया था। जिसमें से कुछ को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया गया था और कई आरोपित अपनी जमानत ले चुके हैं वहीं कुछ अभी भी फरार हैं जिनकी गिरफ्तारी नहीं होने के कारण परिजनों में आक्रोश है। दर्ज कांड के सूचक सह मृतक के छोटे भाई उपेंद्र कुमार यादव का कहना है कि मृतक का साढू भाई सह सेना के जवान उमेश कुमार यादव अब भी पुलिस पकड़ से बाहर है। उपेंद्र ने बताया कि मृतक का साढ़ू भाई जम्मू कश्मीर के यूनिट नंबर 22 मेक वीएन में कार्यरत है और
ड्यूटी भी कर रहा है और आए दिन वहीं से केस उठाने की धमकी दे रहा है। वहीं पुलिस का कहना है कि फरार चल रहा सेना के जवान उमेश कुमार यादव के विरुद्ध न्यायालय के आदेश पर कुर्की जब्ती की कार्रवाई भी की जा चुकी है, लेकिन दूसरे राज्य में जाने के लिए बगैर डीआइजी के आदेश के आगे की कार्रवाई नहीं हो सकती है। डीआइजी से आदेश प्राप्त होते ही उसे गिरफ्तार करने के लिए पुलिस टीम जम्मू कश्मीर जाएगी।
————-




Recent Comments