दैनिक खोज खबर/मांझी (सारण) मांझी थाना क्षेत्र के डुमरी-कबीरपार सड़क पर स्थित कबीरपार मठिया के पास एक साइबर कैफे में दिनदहाड़े लूट की वारदात सामने आई है। बाइक सवार दो अपराधियों ने संचालिका को धक्का देकर 30 हजार रुपये लूट लिए और मौके से फरार हो गए। घटना बुधवार दोपहर करीब ढाई बजे की बताई जा रही है। मिली जानकारी अनुसार रिशु टेलकम नामक साइबर दुकान पर संचालिका रिंकू देवी अकेली थीं। दुकान के मालिक रंजय भारती किसी निजी काम से गोपालगंज गए हुए थे और दुकान पत्नी के हवाले कर गए थे। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, काले रंग की बाइक से आए दो युवक दुकान पर पहुंचे और फ्रीज खरीदने की बात कही। उन्होंने 30 हजार रुपये का ऑनलाइन ट्रांजेक्शन करने का झांसा देकर रिंकू देवी से 30 हजार नकद ले लिए। जब रिंकू देवी को शक हुआ तो आरोपियों ने उन्हें धक्का दिया और रुपये लेकर बाइक से भाग निकले। शोर मचाने पर आसपास के लोग दौड़े और बदमाशों का पीछा भी किया, लेकिन वे भागने में सफल रहे। सूचना मिलते ही मांझी थाना पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू कर दी। घटनास्थल पर पहुचे थानाध्यक्ष बिनोद कुमार ने स्थल का मुआयना किया और पीड़ित परिवार को मामले का जल्द खुलासा करने का आश्वासन दिया है। स्थानीय लोगों का कहना है कि बदमाशों ने वारदात से पहले करीब एक घंटे तक दुकान की रेकी की थी। पुलिस सीसीटीवी फुटेज खंगाल रही है और बदमाशों की तलाश में छापेमारी कर रही है। दिनदहाड़े हुई इस घटना से इलाके के दुकानदारों में दहशत है।

थानाध्यक्ष ने बताया कि मामला दर्ज कर लिया गया है। तकनीकी साक्ष्यों के आधार पर अपराधियों की पहचान की जा रही है। जल्द ही गिरफ्तारी होगी।