महिला किसानों के दम पर हो रहा कृषि का विकास : मंत्री
वैशाली। आज कृषि क्षेत्र में महिला किसानों की भूमिका काफी बढ़ गई है। उनके दम पर कृषि का तेजी से विकास हो रहा है। सरकार भी महिला किसानों को बढ़ावा देने के लिए योजना चला रही है। इन्हें कौशल विकास योजना की ओर से ट्रे¨नग व प्रमाणपत्र दिया जाएगा ताकि वे स्वावलंबी बन सकें। ये बातें सूबे के कृषि मंत्री प्रेम कुमार ने कहीं। वे सोमवार को हाजीपुर जिला उद्यान परिसर में कृषि विभाग की ओर से आयोजित केसीसी ऋण वितरण शिविर में बोल रहे थे। कहा कि वाजपेयी जी की सरकार में इस किसानों के लिए किसान क्रेडिट कार्ड योजना शुरू की गई थी। लेकिन चार वर्षों से यह योजना बंद थी। इसे पुन: शुरू किया गया है। अब किसानों को महाजन से ऊंचे ब्याज दर पर रुपये लेने की आवश्यकता नहीं पड़ेगी।
उन्होंने शिविर में उपस्थित बैंकर्स से चेतावनी भरे लहजे में कहा कि वे किसान क्रेडिट कार्ड देने में लापरवाही नहीं बरते। इसकी शिकायत केंद्र सरकार से की जाएगी। कहा कि बैंकों के उदासीन रवैये से दूसरे राज्यों में पैसा भेजा जा रहा है। ऐसा नहीं होना चाहिए। कहा कि अभी तक वैशाली जिले में किसानों को 90 लाख रुपये का डीजल अनुदान दिया गया है। उन्होंने किसानों से बिहार राज्य फसल सहायता योजना का लाभ लेने के लिए 31 अक्टूबर तक आवेदन जमा करने को कहा।