सड़क के मामले में पिछड़े बिहार पर लोकसभा में सांसद ने उठाया था सवाल

रुडी ने जताई चिंता, कहा देश के अन्य राज्य पीएमजीएसवाई के फेज 4 और 5वें चरण में लेकिन हम अभी तीसरे चरण में

जनादेश/छपरा। समय-समय पर लोककल्याण के विषयों पर सदन के माध्यम से सरकार का ध्यान आकृष्ट करने वाले सारण लोकसभा क्षेत्र से सांसद, पूर्व केंद्रीय मंत्री सह भाजपा के राष्ट्रीय प्रवक्ता राजीव प्रताप रुडी ने 13 दिसम्बर 2021 को बिहार में प्रधानमंत्री ग्राम सड़क योजना के विषय को शून्यकाल में उठाया था। सांसद के उठाये सवाल पर सरकार ने लिखित रूप से जवाब भेजा है। इस संदर्भ में सांसद ने बताया कि उनके द्वारा सवाल के रूप में जिस विषय को लोकसभा में उठाया गया था उसपर केंद्र सरकार सक्रिय हुई है और बाढ़ ग्रस्त इलाके जहां सड़कें बार-बार टूटती रहती है वहां विशेष तकनीक पर आधारित सड़कें बनाई जायेंगी जो टिकाउ होंगी।
लोकसभा में सड़क के मामले में पिछड़े बिहार पर सांसद ने प्रधानमंत्री ग्राम सड़क योजना के अभी फेज 3 में हीं पहुंचने पर अपनी चिंता जताई थी। सांसद ने कहा कि विकास को मंजिल तक पहुँचाती है सड़कें, लेकिन एक तरफ जहाँ देश के अन्य राज्यों में प्रधानमंत्री ग्राम सड़क योजना के फेज 4 और 5वें चरण की सड़कों का निर्माण जारी है वहीं बिहार में अभी तीसरे चरण के कार्य भी पूरे नहीं हुए। ऐसे में सड़कों के मामले में बिहार का पिछड़ना इसके विकास में बाधक साबित हो रहा है। सांसद ने जोर देते हुए कहा कि सड़क के निर्माण में तेजी लानी होगी ताकि केंद्र सरकार द्वारा स्वीकृत सड़कों का निर्माण शीघ्र हो सके।

उत्तर बिहार हमेशा बाढ़ से प्रभावित रहता है इसलिए संासद रुडी नेे सरकार का इस तरफ ध्यान आकृष्ट करते हुए यह भी कहा था कि बाढ़ प्रभावित क्षेत्रों में हर साल सड़कें टूटती है साथ ही वैसे क्षेत्र जहां निरंतर जल जमाव होता है वहां की सड़कें भी कमजोर होती है। सदन में उठाये गये सांसद के सवाल के जवाब में सरकार की तरफ से जो लिखित जवाब दिया गया उसमें यह बताया गया कि बाढ़ प्रभावित क्षेत्रों के लिए सड़क अधिक दिनों तक टिके इसके लिए एक विशेष तकनीक का इस्तेमाल किया जाता है इसलिए उत्तर बिहार के बाढ़ प्रभावित क्षेत्रों में जो भी नई सड़कें बनाई जायेगी उसमे उस तकनीक का उपयोग किया जायेगा। सरकार की तरफ से सांसद को यह भी बताया गया कि पीएमजीएसवाई के तहत राज्य की 1390 किलोमीटर सड़क का प्रस्ताव केंद्र सरकार ने स्वीकृत किया है।