परिजन शव का कर रहे इंतजार
पानापुर(सारण)थाना क्षेत्र के सेमराहा गांव निवासी एक युवक की सोमवार की सुबह पुणे में सड़क दुर्घटना में मौत हो गयी।मृतक तपेश्वर गोसाईं का 18 वर्षीय पुत्र रंजीत कुमार बताया जाता है जो पुणे में टाइल्स लगाने का काम करके अपने परिवार का भरण पोषण कर रहा था।घटना के संबंध में बताया जाता है कि सोमवार की सुबह रंजीत अपने सहयोगी अमनौर निवासी रोहित कुमार के साथ बाइक पर सवार होकर काम पर जा रहा था ।इसी दौरान पुणे के जुन्नर गांव के समीप किसी अज्ञात वाहन ने बाइक में धक्का मार दिया।इस घटना में अमनौर निवासी रोहित की मौके पर ही मौत हो गयी जबकि रंजीत की इलाज के दौरान मौत हो गयी।घटना की जानकारी मिलते ही परिजनों में कोहराम मच गया एवं पूरे गांव में शोक की लहर दौड़ गयी। मृतक तीन भाई एवं दो बहनों में सबसे बड़ा था एवं परिवार के भरण-पोषण की जिम्मेवारी उसी के कंधे पर थी। मृतक के पिता गोपालगंज जिले के लक्षवार पिपरा में रहकर वहां लगने वाले मेले में टिकुली सिंदूर बेचकर अपना गुजारा चलाते हैं ।मृतक के परिजन शव आने का इंतजार कर रहे हैं।




Recent Comments