दैनिक खोज खबर/जलालपुर( सारण)।प्रखंड के भटकेशरी गांव के निवासी मोनू कुमार सिंह ने बिहार लोक सेवा आयोग (BPSC) की परीक्षा में पहले ही प्रयास में सफलता प्राप्त कर 509वीं रैंक हासिल की है। इस उपलब्धि के आधार पर उनका चयन जिला अल्पसंख्यक कल्याण पदाधिकारी के पद पर हुआ है। उनकी सफलता से पूरे गांव और क्षेत्र में खुशी का माहौल है।

मोनू कुमार सिंह वर्तमान में रेलवे के ग्रुप-सी पद पर कार्यरत हैं। वे चेन्नई में नौकरी करते हुए ही BPSC परीक्षा की तैयारी कर रहे थे। सीमित संसाधनों और नौकरी की व्यस्तताओं के बावजूद उन्होंने कड़ी मेहनत, अनुशासन और लगन के बल पर यह सफलता हासिल की।

मोनू ने अपनी प्रारंभिक शिक्षा जलालपुर हाई स्कूल से प्राप्त की तथा मैट्रिक परीक्षा उत्तीर्ण की। इसके बाद उन्होंने इग्नू से स्नातक की पढ़ाई पूरी की। उनके बड़े भाई सोनू कुमार सिंह ने आईआईटी मद्रास से शिक्षा प्राप्त की है और वर्तमान में बेंगलुरु में कार्यरत हैं।

मोनू की सफलता के पीछे उनके माता-पिता का संघर्ष भी प्रेरणादायक रहा है। उनकी माता रीता देवी तथा पिता राजकुमार सिंह (मुंशी जी) भटकेशरी बाजार में पान की दुकान चलाते हैं। सीमित आय के बावजूद उन्होंने अपने बच्चों को बेहतर शिक्षा दिलाने में कोई कसर नहीं छोड़ी। परिवार में शिक्षा का माहौल रहा है। मोनू के दादा जी भी शिक्षक थे।

मोनू की सफलता पर क्षेत्र के लोगों ने हर्ष व्यक्त किया। इस अवसर पर सामाजिक कार्यकर्ता मुकेश कुमार सिंह उर्फ पथल सिंह, भटकेशरी पंचायत के पूर्व मुखिया श्री राम राय, पैक्स अध्यक्ष राजन सिंह तथा मोनू के बचपन के शिक्षक एवं ब्रिलिएंट इंग्लिश स्कूल के संस्थापक गोपाल नारायण सिंह समाजसेवी राजेश्वर कुंवर, मणीन्द्र पांडेय पुष्पेंद्र तिवारी अखिलेश्वर पांडेय बलराम यादव राजेश तिवारी ने उनके पिता को मिठाई खिलाकर बधाई दी और उज्ज्वल भविष्य की शुभकामनाएं दीं।

ग्रामीणों ने कहा कि मोनू की सफलता क्षेत्र के युवाओं के लिए प्रेरणा का स्रोत बनेगी और यह साबित करती है कि मेहनत और दृढ़ संकल्प से किसी भी लक्ष्य को हासिल किया जा सकता है।