इसुआपुर(सारण)। स्थानीय थाना क्षेत्र के अचितपुर गांव में एक दिल दहला देने वाली दुस्साहसिक घटना घटित हुई है। जिसमें कथित तौर पर मुंहबोले बेटे ने अपनी सौतेली मां को गोली मारकर मौत के घाट उतार दिया है। घटना शनिवार की देर शाम की बताई जा रही है। मृतका की पहचान अचितपुर गांव के अशोक गिरी की दूसरी पत्नी सबरुन निशा उर्फ सोनी देवी के रूप में हुई है। के पति द्वारा घटना की प्राथमिकी मृतका के पति द्वारा इसुआपुर थाने में दर्ज कराई गई है। जिसमें 6 लोगों को नामजद अभियुक्त बनाया गया है। दर्ज प्राथमिकी में कहा गया है कि वे अपनी दूसरी पत्नी शबरुन निशा उर्फ सोनी देवी के साथ अचितपुर तिलक गांव स्थित अपने पैतृक आवास के दरवाजे पर बैठकर भूंजा खा रहे थे। इसी बीच वे पानी लाने घर के अंदर चले गए। तभी उनका बड़ा पुत्र मनु गिरी इसुआपुर थाना क्षेत्र के बेला गांव के रघुनाथ महतो के पुत्र मनु कुमार महतो के साथ आया और दरवाजे पर बैठी मेरी पत्नी को गोली मार दिया। उसके चिल्लाने पर जब मैं दौड़ कर आया तो उसने मुझ पर भी बंदूक तान दिया। जिससे मैं डर कर भाग गया। वहीं मनु ने दूसरी गोली भी मेरी पत्नी के पेट में दाग दिया। जिससे सोनी देवी की मौत घटनास्थल पर ही हो गई। घटना की सूचना मिलने पर इसुआपुर पुलिस घटनास्थल पर पहुंचकर शव को अपने कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए सदर अस्पताल छपरा भेज दिया। वहीं मृतका के पति के बयान पर एक प्राथमिकी दर्ज की गई है। पुलिस अभियुक्तों की गिरफ्तारी के लिए सघन छापेमारी कर रही है।

घटना को अंजाम देने के आधे घंटे पूर्व की गई थी रेकिंग
इसुआपुर। मृतका के पति अशोक गिरी द्वारा दर्ज कराई गई प्राथमिकी में कहा गया है कि घटना के लगभग आधे घंटे पूर्व उनके घर के आसपास उनकी पहली पत्नी गायत्री देवी, पुत्र मनु गिरी, पुत्रवधू तथा मनु गिरी की पत्नी अलका देवी, पुत्र मनु गिरी के मित्र इसुआपुर गांव के संजय साह के पुत्र सीटू कुमार और सतासी गांव के जितेंद्र सिंह के पुत्र अंकित कुमार सिंह को घर की रेकी करते हुए देखा गया था। इन सभी 6 लोगों पर घटना में प्रत्यक्ष एवं परोक्ष रूप से शामिल होने का आरोप लगाया गया है।