दैनिक खोज खबर/दरियापुर(सारण)। प्रखंड क्षेत्र के भरहांपुर गांव स्थित सूखमहि नदी में मंगलवार की दोपहर दर्दनाक हादसा हो गया। जैतीपुर गांव के चार बच्चे नदी में नहाने पहुंचे थे, जहां दो मासूम गहरे पानी में डूब गए। डूबने वाले बच्चों की पहचान जैतीपुर निवासी पीर मोहम्मद के 10 वर्षीय पुत्र नूर हसन और मुख्तार के 11 वर्षीय पुत्र साजिद आलम के रूप में हुई है।प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, बाकी दो साथी डर के कारण भाग गए और परिजनों को जानकारी दी। सूचना मिलते ही स्थानीय पुलिस और अंचलाधिकारी (सीओ) मौके पर पहुंचे, लेकिन घटना के दो घंटे बीतने के बाद भी प्रशासन की ओर से गोताखोर नहीं भेजे गए, जिससे आक्रोश गहराता जा रहा है।इधर, सैकड़ों की संख्या में ग्रामीण मौके पर जुट गए हैं और खुद से बच्चों की तलाश में लगे हैं। लेकिन अब तक दोनों बच्चों का कोई सुराग नहीं मिल सका है। ग्रामीणों ने प्रशासनिक लापरवाही पर नाराजगी जताई है और जल्द राहत टीम भेजने की मांग की है।