दैनिक खोज खबर/नगरा।नगरा थाना के समीप बुधवार को हुए ट्रक की चपेट में आने से बाइक पर सवार एक महिला की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि उसकी 13 वर्षीय पुत्री गंभीर रूप से घायल हो गई.घटना के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई और बड़ी संख्या में स्थानीय लोगों की भीड़ जुट गई.मृतका की पहचान नगरा थाना क्षेत्र के अफौर गांव निवासी संत कुमारी की पत्नी 40 वर्षीय कविता कुमारी के रूप में हुई है.वहीं घायल बच्ची की पहचान उनकी 13 वर्षीय पुत्री गुड़िया कुमारी के रूप में हुई है. प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, एक युवक के साथ कविता कुमारी अपनी पुत्री के साथ बाइक से अफौर गांव से नगरा बाजार किसी आवश्यक कार्य से जा रही थीं.इसी दौरान नगरा थाना के समीप एक ट्रक को साइड लेकर आगे निकलने के प्रयास में बाइक असंतुलित हो गई और ट्रक की चपेट में आ गई.हादसे में महिला ट्रक के नीचे आ गई, जिससे उसकी घटनास्थल पर ही मौत हो गई, जबकि पुत्री घायल हो गई.घटना के बाद स्थानीय लोगों ने साहस का परिचय देते हुए ट्रक को धक्का देकर महिला के शव को बाहर निकाला. वहीं घायल गुड़िया कुमारी को स्थानीय लोगों एवं नगरा थाना पुलिस की मदद से तत्काल सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र नगरा पहुंचाया गया, जहां चिकित्सकों ने उसका उपचार शुरू किया.घटना की सूचना मिलते ही नगरा थानाध्यक्ष अभिनंदन यादव पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे और स्थिति को नियंत्रित किया.इसके बाद पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए सदर अस्पताल छपरा भेजने की प्रक्रिया शुरू कर दी.