
तीर्थयात्रियों से भरी बस खाई में गिरी, 16 की मौत, हेल्पलाइन नंबर जारी
दैनिक खोज खबर:-जम्मू-कश्मीर के रामबन जिले में तीर्थयात्रियों से एक बस जम्मू-श्रीनगर राष्ट्रीय राजमार्ग से फिसलकर गहरी खाई में गिर गयी. इस दुर्घटना में 16 लोगों की मौत हो गयी और 27 अन्य लोग घायल हो गये. प्रशासन ने मृतकों और घायलों की जानकारी साझा करने के लिए हेल्पलाइन नंबर जारी किया है. हेल्पलाइन नंबर 091-2560401 और 0191-2542000 है.

अधिकारियों ने बताया कि मृतकों का ताल्लुक उत्तर प्रदेश, बिहार, राजस्थान, असम, हरियाणा और मध्य प्रदेश से था. रामबन के वरिष्ठ पुलिस अधिकारी मोहन लाल ने बताया कि तीर्थयात्रियों को ले जा रही बस आज अपराह्न फिसलकर रामबन के नचलाना इलाके में एक नाले में गिर गयी.
पुलिस अधिकारियों ने बताया कि जम्मू-कश्मीर सड़क परिवहन निगम (जेकेएसआरटीसी) की बस 3,603 तीर्थयात्रियों को जम्मू से बालटाल और पहलगाम के आधार शिविरों तक ले जा रही बसों के काफिले में शामिल थी. ये दोनों शिविर दक्षिण कश्मीर के हिमालयी क्षेत्र में स्थित अमरनाथ गुफा मंदिर के रास्ते में हैं.
घटना में दो महिलाओं समेत 16 लोगों की मौत हो गयी और करीब 27 लोग जख्मी हैं. उन्होंने बताया कि विशेषज्ञ उपचार के लिए 19 जख्मी लोगों को हवाई मार्ग से जम्मू ले जाया जा रहा है जबकि आठ अन्य को बनिहाल के जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया है. अधिकारियों के मुताबिक स्थानीय लोगों की मदद से पुलिस, सेना और सीआरपीएफ ने बचाव अभियान चलाकर शवों और घायल लोगों को नाले से बाहर निकाला.
•बिहार के इन लोगों की हुई मौत और ये हुए घायल:-जानकारी के अनुसार मरने वालों में 4 लोग बिहार के भी हैं. वहीं घायलों में भी 5 लोग बिहार के बताये जा रहे हैं. इस दर्दनाक हादसे में बिहार के जिन चार लोगों की मौत हुई है उनमें पवन कुमार, रोहित कुमार (पटना), सागर कुमार (पटना) और दिलीप कुमार (दानापुर) शामिल हैं. वहीं घायलों में शामिल पांच लोगों में पटना के तीन और सहरसा के दो लोग हैं. पटना के रंजीत कुमार, रेखा देवी, चंपई देवी और सहरसा के विजय कुमार चौरसिया व रंजीत कुमार का नाम शामिल है. हालांकि प्रभात खबर डॉम इसकी पुष्टी नहीं करता है.
•प्रधानमंत्री मोदी ने जताया शोक, गृहमंत्री राजनाथ ने महबूबा से की बात:-प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने दुर्घटना में तीर्थयात्रियों की मौत पर दुख जाहिर किया है. मोदी ने ट्विटर पर लिखा, ‘जम्मू-कश्मीर में बस हादसे के कारण अमरनाथ यात्रियों के मारे जाने को लेकर बहुत दुखी हूं. मैं मृत लोगों के परिवारों के प्रति अपनी संवेदना व्यक्त करता हूं.’ उन्होंने साथ ही कहा, ‘मैं जम्मू-कश्मीर में हुए बस हादसे में घायल हुए लोगों के जल्द स्वस्थ होने की कामना करता हूं.’ वहीं गृहमंत्री राजनाथ सिंह ने मुख्यमंत्री महबूबा मुफ्ती से बात की और हालात की जानकारी ली.




Recent Comments