दैनिक खोज खबर/सोनपुर। सोनपुर–छपरा रेलखंड पर शुक्रवार शाम एक दर्दनाक हादसे में ट्रेन से गिरने के कारण एक युवक की मौके पर ही मौत हो गई। घटना सोनपुर–परमानंदपुर के बीच 3 नंबर ढाला से आगे पावर हाउस के पास भरपुरा बर्मा चौक के सामने हुई।
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, छपरा से हाजीपुर की ओर जा रही ट्रेन से करीब 25 से 30 वर्षीय युवक अचानक गिर गया, जिससे उसकी घटनास्थल पर ही मौत हो गई। हादसे के बाद मौके पर आसपास के लोगों की भीड़ जुट गई। स्थानीय लोगों ने तुरंत इसकी सूचना सोनपुर जीआरपी एवं सोनपुर थाना पुलिस को दी।
उपस्थित लोगों ने बताया कि युवक ट्रैन से गिरा था। सूचना मिलते ही जीआरपी पुलिस और सोनपुर थाना पुलिस घंटो बाद पहुंची तथा शव को कब्जे में लेकर जांच शुरू की।
मौके पर मौजूद लोग मृतक की पहचान नहीं कर सके। तलाशी के दौरान पुलिस ने युवक के पर्स से आधार कार्ड, यात्रा टिकट बरामद किया। आधार कार्ड के अनुसार मृतक की पहचान श्रवण कुमार, पिता संतोष राय, निवासी कछुआ भीषण टोला, पोस्ट कछुआ चाकुली, जिला दरभंगा के रूप में हुई। पुलिस को अहमदाबाद से दरभंगा तक का जनरल टिकट भी मिला है।
बताया गया कि मृतक काला गंजी, सफेद जींस पैंट, घड़ी तथा हाथ में स्टील का कड़ा पहने हुए था। दुर्घटना में उसके सिर पर गंभीर चोट आई, जिससे उसकी मौत हो गई।
रेल थाना अध्यक्ष संजय पासवान ने बताया कि बरामद आधार कार्ड के आधार पर मृतक की पहचान की गई है।सोनपुर थाना के पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर आगे की कानूनी कार्रवाई शुरू कर दी है तथा परिजनों को सूचना देने का प्रयास किया जा रहा है।