गोपालगंज :एटीएम तोड़कर चोरी का प्रयास
* लाखों रुपये उड़ाने की आशंका
राज श्रीवास्तव
गोपालगंज:—- शहर के स्टेशन रोड में डीएवी हाई स्कूल के सामने स्थित एक्सिस बैंक की एटीएम को गैस कटर से काटकर शनिवार की रात बेखौफ चोरों ने रुपए चोरी करने का प्रयास किया। वैसे आशंका यह भी है कि प्रयास के दौरान चोरों ने एटीएम के लाखों रुपए उड़ा भी लिए हैं। हालांकि चोरी की पुष्टी नहीं हो सकी है। घटना की सूचना मिलने पर एसपी रवि रंजन कुमार, डीएसपी मुख्यालय विभाष कुमार व नगर इंस्पेक्टर संजय कुमार समेत अन्य पुलिस पदाधिकारियों ने मौके पर पहुंच कर मामले की छानबीन की। बताया गया है कि शनिवार की रात चोरों ने एटीएम को गैस कटर से काटकर रुपए चोरी करने का प्रयास किया। रविवार की सुबह कुछ युवक रुपए निकालने के लिए एक्सिस बैंक की इस एटीएम में गए। इस दौरान उनलोगों ने देखा कि एटीएम क्षतिग्रस्त है। इसके बाद अगल-बगल के युवकों को भी इसकी जानकारी दी। इसपर पुलिस सक्रिय हुई। उधर, एटीएम में रुपए डालने वाली सीएमएस कंपनी के लोकेशन इन्चार्ज मनोज बैठा ने बताया कि एक्सिस बैंक की एटीएम में पूर्व से पांच लाख एक हजार पांच सौ रुपए थे। 15 फरवरी को सात लाख रुपए फिर से डाले गए थे। एटीएम में डाले गए रुपए में पांच सौ, एक सौ व दो हजार रुपए के नोट थे। 15 फरवरी से 17 फरवरी के बीच कितने रुपए का ट्रांजेक्शन हुआ है इसके बारे में पता लगाया जा रहा है। जांच के बाद ही स्पष्ट हो पाएगा कि रुपए की चोरी हुई है या नहीं। वहीं एसपी रवि रंजन कुमार ने बताया कि एटीएम से शनिवार की रात चोरी का प्रयास किया गया है। पुलिस मामले की जांच कर रही है।




Recent Comments