रायसेन:जनसुनवाई में हुआ समस्याओं का निराकरण
नसीम अली
रायसेन(ए.पी) 20 जून। कलेक्ट्रेट कार्यालय परिसर में आयोजित जनसुनवाई में सांची विकास खण्ड के ग्राम पंचायत हिनोतिया के ग्राम गुंदरई टोला निवासी दयाराम, महेश सिंह, सरदार सिंह, ओमकार सिंह सहित अन्य ग्रामवासियों ने कलेक्टर श्रीमती वालिम्बे को आवेदन देते हुए बताया कि गांव में नल-जल योजना लगभग 06 माह से बंद है, जिससे ग्रामवासियों को पेयजल की समस्या का सामना करना पड़ रहा है। नल-जल योजना बंद होने के संबंध में पीएचई विभाग को भी कई बार लिखित रूप से अवगत कराया गया है लेकिन योजना चालू करने के संबंध में कोई कार्यवाही नहीं की गई है। कलेक्टर श्रीमती वालिम्बे ने ई पीएचई को इस संबंध में शीघ्र कार्यवाही करने के निर्देश दिए हैं। 
जनसुनवाई में आए ग्राम सतकुंडा निवासी दिनेश ने कलेक्टर श्रीमती वालिम्बे को आवेदन देते हुए बताया कि वह गरीब है और झोपड़ी में निवास करता है। दिनेश ने बताया कि उसने आवास योजना के अंतर्गत कुटीर के लिए आवेदन दिया था, लेकिन आज दिनांक तक कुटीर स्वीकृत नहीं हुई हैं। लेकिन गांव में ही अनेक ऐसे व्यक्ति हैं जिनके पास मकान है और उन्हें कुटीर भी स्वीकृत कर दी गई है। कलेक्टर श्रीमती वालिम्बे ने सीईओ जिला पंचायत को इस संबंध में शीघ्र जांच करते हुए कार्यवाही करने के निर्देश दिए हैं।