दैनिक खोज खबर/जलालपुर।शिक्षा के क्षेत्र में सराहनीय पहल करते हुए कल्याणम एडु हेल्प फाउंडेशन ने सामाजिक एवं आर्थिक रूप से कमजोर तथा अनाथ 10 छात्र-छात्राओं की एक वर्ष की पढ़ाई का पूरा खर्च उठाने का निर्णय लिया है। संस्था की इस पहल की क्षेत्र में व्यापक सराहना हो रही है।

संस्था के पदाधिकारियों ने बताया कि कल्याणम एडु हेल्प फाउंडेशन शुरू से ही जरूरतमंद विद्यार्थियों को शिक्षा से जोड़ने और उन्हें बेहतर भविष्य देने के लिए कार्य करती रही है। इसी कड़ी में जलालपुर एवं आसपास के ऐसे 10 छात्र-छात्राओं का चयन किया गया है, जिनके माता या पिता का निधन हो चुका है अथवा जिनकी आर्थिक स्थिति अत्यंत कमजोर है।

चयनित विद्यार्थी अब एकेडमी ऑफ साइंस स्ट्रीम एंड कॉम्पटीशन क्लासेज, जलालपुर में अध्ययन करेंगे। संस्था उनके एक वर्ष के शैक्षणिक खर्च का वहन करेगी, ताकि आर्थिक अभाव उनकी पढ़ाई में बाधा न बने।

संस्था ने यह भी घोषणा की कि तीन माह बाद पुनः सर्वेक्षण कर ऐसे ही 30 और जरूरतमंद छात्र-छात्राओं का चयन किया जाएगा और उन्हें भी शैक्षणिक सहायता प्रदान की जाएगी।

इस अवसर पर कल्याणम एडु हेल्प फाउंडेशन के एमडी प्रदीप परिदा, अभिषेक सिंह एवं मुकेश कुमार उपस्थित रहे। उन्होंने कहा कि शिक्षा ही समाज में सकारात्मक परिवर्तन का सबसे सशक्त माध्यम है और संस्था आगे भी जरूरतमंद बच्चों के उज्ज्वल भविष्य के लिए इसी तरह कार्य करती रहेगी।

जरूरतमंद विद्यार्थियों के लिए कल्याणम एडु हेल्प फाउंडेशन की यह पहल समाज के सामने सेवा, संवेदना और शिक्षा का प्रेरणादायी उदाहरण बनकर उभरी है।