सरकार द्वारा उपलब्ध करायी गयी सारी सुविधाएं बंद होने से शरणार्थी हैं परेशान।

पानापुर प्रखंड के सभी गावों में  फिर से बढ़ने लगा पानी

पानापुर (सारण ) गंडक नदी के जलस्तर में  वृद्धि होने से बाढ़ प्रभावित क्षेत्रो में मुश्किलें बढ़ने लगी ,बाढ़ से  एक बार फिर  मुश्किले प्रबल हो गयी है ।बताया जा रहा है कि नेपाल के जलग्रहण क्षेत्रों में हो रही लगातार बारिश के कारण गंडक नदी में वाल्मीकिनगर बराज से  लगातार पानी छोड़ा जा रहा है।सोमवार को गंडक नदी के जलस्तर में डेढ़ से दो फिट की वृद्धि दर्ज की गयी ।गंडक नदी के बढ़ते जलस्तर के कारण फैजुल्लाहपुर गांव के समीप पूर्व से टुटे गंडक नदी के सारण मुख्य तटबंध से पानी बाहर आने लगा जिससे बाढ़ प्रभावित पानापुर के  सेमरी,सेमराहां, मुरलीमठ,बेतौरा,पीपरा बगडीहा, सतजोड़ा आदि गांवो में पानी का स्तर एक बार फिर से बढ़ने लगा है ।अब पूरा प्रखण्ड तुर्की ,मोरिया, भोरहाॅ,महम्मदपुर में बाढ़ के पानी बढ़ने से ग्रामीणों की बेचैनी बढ़ गई है । पिछले एक पखवाड़े से बाढ़ की विभीषिका झेल रहे लोग पिछले कुछ दिनों से बाढ़ का पानी कम होने से राहत महसूस कर रहे थे ।धीरे- धीरे जन जीवन सामान्य होने लगा था लेकिन बाढ़ के पानी का दुबारा बढ़ने से लोगो की मुश्किलें एक बार फिर बढ़ गयी हैं ।हालांकि अधिकांश विस्थापित लोग अभी भी  शरणस्थली पर ही शरण लिए हुए है ।वे जल्द ही  अपने घरों को लौटने की आस लगाए थे लेकिन बढ़ते जलस्तर ने फिलहाल उनके उम्मीदो पर पानी फेर दिया है। इधर सरकारी सुविधा नदारद है,न सामुदायिक किचेन चल रहे हैं और न नाव तथा लाईट की व्यवस्था की गई है।जिससे पुरे प्रखण्ड के जनता में स्थानीय पदाधिकारीयों के प्रति गुस्सा है।