तरैया (सारण)। थाना क्षेत्र के तरैया-मसरख एसएच-73 मुख्य सड़क पर गुरुवार को छपिया गांव के समीप एक ट्रक की ठोकर से बाइक पर सवार दो युवक गंभीर रूप से घायल हो गए। जिसमें एक युवक की मौके पर ही मौत हो गई। जबकि एक युवक का रेफरल अस्पताल में इलाज चल रहा है। मृतक गोपालगंज जिले के मांझागढ़ थाना क्षेत्र के मधुसरेया गोसाई टोला गांव निवासी पसुपति गोस्वामी का 23 वर्षीय पुत्र धीरज गोस्वामी है। जबकि घायल युवक उसका बड़ा भाई 25 वर्षीय नीरज गोस्वामी है। बताया जाता है कि दोनों युवक बाइक से अपने मौसी के घर तरैया के परौना गांव में जा रहे थे कि इसी दौरान तरैया-मसरख एसएच-73 सड़क पर छपिया गांव के समीप एक अनियंत्रित ट्रक ने उनके बाइक में ठोकर मार दी। जिससे वही धीरज कुमार की घटना स्थल पर मौत हो गई। जबकि नीरज कुमार गम्भीर रूप से घायल हो गया। घटना के बाद स्थानीय लोगों व पुलिस के सहयोग से दोनों को रेफरल अस्पताल तरैया पहुचाया गया। जहां चिकित्सकों ने धीरज कुमार को मृत घोषित कर दिया वहीं गंभीर रूप से घायल नीरज को प्राथमिक उपचार के बाद उसे छपरा सदर अस्पताल रेफर कर दिया गया। इधर पुलिस ने मृत युवक के शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम में भेजने की प्रकिया में जुट गई है।