परवेज अख्तर/सीवान।नगर थाना क्षेत्र के पाल नगर में गुरुवार की देर रात छपरा के प्रापर्टी डीलर सह तेल व्यवसायी की चाकू मार व गला दबाकर बदमाशों ने हत्या कर दी। हत्या के बाद उनके शव को उन्हीं के नवनिर्मित मकान की शौचालय की टंकी में डालकर फरार हो गए।  मृतक की पहचान एमएच नगर थाना क्षेत्र के चांद परसा गांव निवासी वीरेंद्र प्रसाद के रूप में हुई है।मिली जानकारी के अनुसार वीरेंद्र प्रसाद पाल नगर में अपना नवनिर्मित मकान बनवा रहे थे और उसी घर पर रहते थे। गुरुवार की सुबह वह अपनी पत्नी को बाइक पर लेकर गांव छोड़कर छपरा चले गए। गांव में उनकी पत्नी सरकारी शिक्षिका हैं। छपरा से वीरेंद्र लौटने के बाद गांव गए। वहीं से सिवान नवनिर्मित मकान पर चार बजे आ गए । सिवान स्थित नवनिर्मित मकान पर आने के बाद से उनका मोबाइल बंद हो गया। रात में उनकी पत्नी ने उन्हें काल किया तो मोबाइल बंद था। इस पर उन्होंने डायल 112 को काल करके सूचना दी। सूचना पर पहुंची डायल 112 ने नवनिर्मित मकान की तलाशी ली जहां शौचालय की टंकी से शव बरामद हुआ।तलाशी के दौरान पुलिस को कुछ भी नहीं मिला लेकिन टीम में शामिल एक महिला सिपाही ने टंकी के पास चाकू देखकर तलाशी ली। तलाशी के दौरान टंकी से शव बरामद हुआ। इसके बाद डायल 112 की टीम ने नगर थाना व उनके स्वजनों को सूचना दी। सूचना पर पहुंचे नगर थाना इंस्पेक्टर राजू कुमार ने मामले की जांच कर शव को पोस्टमार्टम हेतु भेज दिया। वहीं घटना की सूचना पर पहुंचे स्वजनों का रो-रो कर बुरा हाल था।नगर थाना इंस्पेक्टर की मानें तो छपरा के किसी भूमि का विवाद लगा रहा है। हालांकि मामले की जांच हो रही है। जल्द ही घटना में शामिल बदमाशों को गिरफ्तार लिया जाएगा। अभी स्वजनों ने थाना को आवेदन नहीं दिया है।