कार्रवाई : मारपीट के आरोपित मुखिया समर्थक चार लोगों को पुलिस ने भेजा जेल

अमनौर(सारण). प्रखंड के शेखपुरा पंचायत के ग्रामीण आवास सहायक के साथ हुये जमकर मारपीट मामले में पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए सभी आरोपियों को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया. मालूम हो कि गुरुवार को ग्रामीण आवास सहायक प्रवीण कुमार ने शेखपुरा पंचायत में आवास पर्यवेक्षक भोला कुमार भगत के साथ पीएम आवास के लाभुकों से मिलकर आवास निर्माण कार्य का रिपोर्ट तथा जीओ टैक का कार्य कर रहे थे तभी मुखिया समर्थक कुछ लोग लाठी डंडे व लोहे की रड लिये वहां पहुंचे और आवास सहायक का जमकर पिटाई करने लगे.  जिसपर बहुत बड़ा बवाल खड़ा हो गया. मौके पर बीडीओ मंजुल मनोहर मधुप तथा पुलिस की टीम पहुंच मामले को शांत कराया. वहीं गंभीर रूप से घायल ग्रामीण आवास सहायक का उपचार स्थानीय सीएचसी में कराया गया. इस मामले में आवास सहायक द्वारा स्थानीय थाने में चार लोगों के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज कराया गया था. पुलिस त्वरित कार्यवाही करते हुए सभी चारों आरोपियों को गिरफ्तार कर शुक्रवार को जेल भेज दिया. पकडे गये आरोपी भेल्दी थाना क्षेत्र के चांदपुरा गांव निवासी पप्पू कुमार राय, यादवपुर गांव निवासी बिट्टू सिंह अमनौर थाना क्षेत्र के पकड़ी महम्मद गांव निवासी राजेश कुमार सिंह तथा पकड़ीडीह गांव निवासी नीरज कुमार बताया गया है. पुलिस ने बताया कि इस घटना में शामिल सभी चारो आरोपियों को जेल भेज दिया गया. इधर इस कार्रवाई को लेकर प्रखंड मुखिया संघ नाराज दिख रही है. मुखिया संघ अध्यक्ष डॉ. निर्मला सिंह ने पुलिस पर एक तरफा कार्रवाई करने तथा जनप्रतिनिधियों के साथ अभद्र व्यवहार करने का आरोप लगाते हुए इसके खिलाफ मुखिया संघ प्रखंड मुख्यालय पर शनिवार से अनिश्चित कालीन आमरण अनशन पर बैठने का एलान किया है.