छपरा : जयप्रकाश विश्वविद्यालय के तहत आने वाले महाविद्यालय में स्नातक सत्र 2022 – 25 में नामांकन की आस लगाए छात्रों के लिए जेपीयू के प्रशासनिक पदाधिकारियों द्वारा एक और मौका दिया गया है। जिसके तहत विभिन्न महाविद्यालयों में खाली पड़े सीटों पर स्नातक में अपना विषय बदलकर छात्र 9 जनवरी तक नामांकन ले सकते हैं । उक्त बातों की जानकारी देते हुए जेपीयू के पीआरओ प्रोफेसर हरिश्चंद्र ने बताया कि स्नातक 2022 – 25 सत्र में नामांकन के लिए विश्वविद्यालय में अंतिम सूची जारी कर दी गई है। छात्र-छात्राएं विश्वविद्यालय के वेबसाइट पर देख कर अपना नामांकन करा सकते हैं। यदि उनका नाम नामांकन लिस्ट में आया है तो 9 जनवरी तक छात्र नामांकन ले सकते हैं । नामांकन समिति की बैठक में कुलपति प्रो फारूक अली ने अंतिम सूची जारी करने का निर्देश दिया था। जिसे जेपीयू के वेवसाईट पर अपलोड कर दिया है बताते चलें कि जिन छात्रों का स्नातक में नामांकन के लिए लिस्ट में नाम नहीं निकला था उनको अपना विषय बदलकर पुनः आवेदन करने का मौका दिया गया था। गौरतलब है कि स्नातक में नामांकन के लिए 50000 से ज्यादा छात्रों ने आवेदन दिया था जिसमें पहली सूची में 14000 तथा दूसरी सूची में 10000 छात्रों ने अपना नामांकन कराया। इसके बाद जेपीयू के विभिन्न महाविद्यालयों में सीटे जो बची हुई थी उसमें विषय बदलकर छात्रों को नामांकन कराने के लिए दोबारा आवेदन का मौका दिया गया था। जिसके तहत 3000 से ज्यादा छात्रों ने आवेदन दिया था। मेधा अंक के आधार पर कालेज में उपलब्ध सीटों को देखते हुए नामांकन सूची जारी कर दिया गया है । जिसके तहत वैसे छात्र जिनका लिस्ट में नाम आया है 9 जनवरी तक अपना नामांकन करा सकते हैं।