दरियापुर, 31 जुलाई।
महान साहित्यकार एवं उपन्यास सम्राट की 146वीं जयंती के अवसर पर दरियापुर में एक भव्य साहित्यिक गोष्ठी का आयोजन किया गया। कार्यक्रम का शुभारंभ परसा। विधान सभा के एमएलए प्रत्याशी रितेश रौशन ने मुंशी प्रेमचंद के चित्र पर माल्यार्पण एवं पुष्पांजलि अर्पित कर किया।
इस अवसर पर उपस्थित शिक्षाविदों, जनप्रतिनिधियों, साहित्यप्रेमियों एवं समाजसेवियों ने मुंशी प्रेमचंद के व्यक्तित्व एवं कृतित्व पर विस्तार से प्रकाश डाला। वक्ताओं ने कहा कि प्रेमचंद ने अपने साहित्य के माध्यम से समाज की वास्तविक समस्याओं, किसानों, मजदूरों तथा वंचित वर्गों की पीड़ा को स्वर दिया और हिंदी साहित्य को नई दिशा प्रदान की।
कार्यक्रम में सागर हिल टॉप एकेडमी के निदेशक विजय कुमार सिंह, प्राचार्य पूनम कुमारी, एसबीसीएम के निदेशक शिशुपाल सिंह, समाजसेवी त्रिलोकी साह, डॉ. के.एन. सिंह, सुजीत कुमार उर्फ मुन्ना तथा बी के ज्ञान स्थली रसूलपुर के निदेशक बबन पटेल सहित अनेक गणमान्य लोग उपस्थित रहे।
कार्यक्रम का संचालन हरिहरपुर पंचायत के मुखिया उपेंद्र कुमार सिंह ने किया। उन्होंने मुंशी प्रेमचंद के जीवन, साहित्यिक योगदान एवं हिंदी साहित्य में उनके महत्वपूर्ण स्थान पर प्रकाश डाला। खानपुर पंचायत के मुखिया सुधीर कुमार अकेला उर्फ गुड्डू राम ने प्रेमचंद की प्रथम कहानी ‘दुनिया का सबसे अनमोल रतन’ का पाठ कर श्रोताओं को भावविभोर कर दिया।
इस अवसर पर तरुण तिवारी ने प्रेमचंद की चर्चित रचनाओं का पाठ किया तथा उनके साहित्य की प्रासंगिकता पर अपने विचार रखे। वक्ताओं ने कहा कि प्रेमचंद का साहित्य आज भी समाज को नई चेतना और सकारात्मक दिशा प्रदान करता है। कार्यक्रम के अंत में उपस्थित लोगों ने उनकी साहित्यिक विरासत को आगे बढ़ाने का संकल्प लिया।




Recent Comments