दैनिक खोज खबर/जलालपुर, (सारण)। जलालपुर अंचल कार्यालय परिसर में सोमवार को प्रधान लिपिक दरोगा राय के सेवानिवृत्त होने पर विदाई सह सम्मान समारोह आयोजित किया गया। समारोह में अंचल एवं प्रखंड कार्यालय के पदाधिकारियों और कर्मचारियों ने उन्हें अंगवस्त्र व पुष्पमाला भेंट कर सम्मानित किया तथा भावी जीवन के लिए शुभकामनाएं दीं।

समारोह को संबोधित करते हुए अंचल पदाधिकारी राजन कुमार ने कहा कि दरोगा राय का कार्यकाल अनुकरणीय रहा है। वे बेहद सरल, सहज और मिलनसार स्वभाव के व्यक्ति रहे हैं। उन्होंने अपने दायित्वों का निष्ठा, ईमानदारी और पूरी जिम्मेदारी के साथ निर्वहन किया। वर्षों तक पूरी तत्परता से सरकारी सेवा करने के बाद उनका सेवानिवृत्त होना विभाग के लिए एक महत्वपूर्ण पड़ाव है। उन्होंने कहा कि अपने कार्य और व्यवहार के कारण दरोगा राय हमेशा सहकर्मियों के बीच याद किए जाएंगे।

राजस्व अधिकारी अखिलेश्वर राम ने कहा कि दरोगा राय ने कार्यालय के कार्यों को पूरी गंभीरता और जिम्मेदारी के साथ निभाया। उनके अनुभव और सहयोग से कई कार्यों के निष्पादन में कार्यालय कर्मियों को मदद मिली। उन्होंने सेवानिवृत्ति के बाद उनके स्वस्थ, सुखद एवं शांतिपूर्ण जीवन की कामना की।

इस अवसर पर कन्हैया कुमार, निशांत पांडे, नीपू मांझी, पिंटू कुमार, अनिरुद्ध मंडल, संदीप कुमार, तीजा सहित अंचल एवं प्रखंड कार्यालय के सभी कर्मचारी मौजूद थे। कार्यक्रम के दौरान सहकर्मियों ने उनके साथ बिताए कार्यकाल के अनुभव साझा किए और भावुक होकर विदाई दी। समारोह का माहौल आत्मीय एवं भावपूर्ण रहा।