पानापुर (सारण ) गुप्त सूचना के आधार पर पानापुर थाने की पुलिस ने गुरुवार की रात बगडीहा गांव में छापेमारी कर एक घर के पिछवाड़े छिपा कर रखे गये 50 लीटर महुआ निर्मित शराब जब्त कर लिया. वही पुलिसिया कार्रवाई की भनक लगते ही धंधेबाज मौके से फरार हो गये. बताया जाता है कि स्थानीय थाने के एएसआई नीरज सिंह पुलिस बल के साथ रात्रि गश्ती पर निकले थे. इसी बीच उन्हें सूचना मिली कि बगडीहा नट टोली में शराब कारोबारियों द्वारा शराब  का अवैध कारोबार बेरोकटोक चलाया जा  रहा है. सूचना मिलते ही उन्होंने रात्रि ग्यारह बजे के करीब छापेमारी की. पुलिसिया कार्रवाई की भनक लगते ही शराब कारोबारी अंधेरे का फायदा उठा मौके से फरार हो गये. पुलिस ने जब घर की  तलाशी ली तो घर के पिछवाड़े प्लास्टिक के बाल्टी में पॉलीथिन में रखे महुआ निर्मित 50 लीटर शराब को जब्त कर लिया. इस मामले में एएसआई नीरज सिंह ने स्थानीय थाने में टिंकू नट, जवाहर नट, प्रभावती देवी एवं मीना देवी के खिलाफ उत्पाद अधिनियम के तहत प्राथमिकी दर्ज करायी है. थानाध्यक्ष संजीत कुमार ने बताया कि प्राथमिकी दर्ज कर फरार धंधेबाजो की गिरफ्तारी के लिए छापेमारी की जा रही है. उन्होंने कहा कि शराब कारोबारियों को किसी भी कीमत पर बख्शा नहीं जायेगा.