राजस्थान क्रिकेट से मोदी युग का अंत, सी.पी.जोशी बने आरसीए के नए अध्यक्ष
आज़ाद नेब ब्यूरो चीफ़ राजस्थान
जयपुर 2 जून। बरसों तक राज करने के बाद पूर्व आईपीएल कमिशनर ललित मोदी युग का आज राजस्थान क्रिकेट जगत से अंत हो गया। राजस्थान क्रिकेट एसोसिएशन के चुनाव में उनके बेटे रुचिर मोदी को कांग्रेस के पूर्व प्रदेशाध्यक्ष सी.पी.जोशी ने 14 के मुकाबले 19 वोट प्राप्त कर मात दे दी।
क्रिकेट की पिच पर ललित मोदी की संभवत: यह आखिरी पारी साबित हुई है। इससे पहले भी सी.पी.जोशी आरसीए के अध्यक्ष रह चुके हैं। उनके साथ ही उपाध्यक्ष पद पर मोहम्मद इकबाल ने जीत हासिल की है। वहीं आर.एस.नांनू आरसीए के नए सचिव बने हैं। भाजपा के प्रदेश मीडिया प्रभारी पिंकेश जैन ने कोषाध्यक्ष के पद पर जीत दर्ज की है। कार्यकारिणी सदस्य के.के.निमावत बने हैं।
आपको बता दें कि बीसीसीआई की क्रिकेट प्रतियोगिता, आईपीएल में भ्रष्टाचार के गंभीर आरोप लगने के बाद ललित मोदी देश छोड़कर भाग गए थे। वे आजकल लंदन में निर्वासित जीवन जी रहे हैं। मोदी वहीं से बैठकर राज्य के क्रिकेट संगठन का संचालन कर रहे थे।
ललित मोदी के अध्यक्ष होने के कारण भारतीय क्रिकेट कंट्रोल बोर्ड ने पिछले काफी समय से राजस्थान क्रिकेट एसोसिएशन को निलंबित कर रखा था। सी.पी.जोशी के जीतने के बाद अब बीसीसीआई द्वारा फिर से आरसीए के बहाल करने की संभावना को बल मिला है। मोदी गुट में से केवल आर.एस.नांनू ने ही जीत हासिल की है।




Recent Comments