दिल्ली और अजमेर के बीच भरेगी फर्राटा बुलेट ट्रेन
आज़ाद नेब
जयपुर 3 मई, अजमेर  दिल्ली से मुंबई तक शीघ्र ही चलने वाली बुलेट ट्रेन के लिए अजमेर व किशनगढ़ में अलग से स्टेशन बनेंगे। इसके लिए ट्रैक भी अलग से ही बनाया जाएगा। बुलेट ट्रेन आने व जाने के लिए दो अलग-अलग लाइनें बिछाई जाएंगी। बुलेट ट्रेन यात्री को अजमेर से दिल्ली डेढ़ घंटे में और मुंबई ढाई घंटे में पहुंचा देगी। यानी सिर्फ चार घंटे में यह ट्रेन मुंबई से दिल्ली पहुंच जाएगी। हालांकि इसका किराया अन्य ट्रेनों से अधिक होगा, लेकिन फ्लाइट से कम होगा। बुलेट ट्रेन में एक बार में कम से कम 1300 से 1400 यात्री सफर कर सकेंगे। यह प्रोजेक्ट रेलवे का पार्ट नहीं होगा और मेट्रो की तरह अलग ही ट्रैक व स्टेशन होंगे। बुकिंग भी अलग ही होगी।
अजमेर जिला कलेक्टर गौरव गोयल ने पत्रकारों से बातचीत में बताया कि इंडियन कंपनी की देखरेख में चीन के पांच इंजीनियरों ने यहां आकर बुलेट ट्रेन के लिए प्रारंभिक सर्वे किया है। सर्वे के तहत अजमेर के अलावा किशनगढ़ में इसका स्टेशन बनाया जाएगा। अजमेर में दौराई के पास अलग से स्टेशन प्रस्तावित किया गया है। यह ट्रेन गुलाबपुरा होते हुए अहमदाबाद जाएगी। टीम ने बुलेट ट्रेन के लिए फिजिबिलिटी व रूट का सर्वे किया। फील्ड का सर्वे भी किया। ग्राउंड टीम द्वारा भी इसके लिए सर्वे किया जा चुका है। बुलेट ट्रेन के लिए 20 मीटर चौड़ी जमीन अवाप्त की जाएगी। इसमें 5-5 फीट जमीन पटरियों के लिए होगी। ट्रेन के आने व जाने के लिए अलग से लाइन होगी।
भारत सरकार के निर्देश पर बुलेट ट्रेन के लिए टीम यहां सर्वे करने के लिए आई थी। टीम में चीन के पांच इंजीनियर शामिल थे। प्रारंभिक सर्वे किया है। बुलेट ट्रेन के लिए अजमेर में दौराई के पास व किशनगढ़ में स्टेशन प्रस्तावित किए गए हैं। इसके चलने से यात्रियों को काफी सुविधा मिल सकेगी और वे डेढ़ घंटे में दिल्ली व ढाई घंटे में मुंबई पहुंच जाएंगे। मेट्रो की तरह यह भी रेलवे का पार्ट नहीं होगा। प्रोजेक्ट अप्रूवल होने पर इसके लिए जमीन भी अवाप्त की जाएगी। कंपनी इसका प्रोजेक्ट बनाकर भारत सरकार को सौंपेगी, इसके बाद ही यहां काम को अंजाम दिया जाएगा। अहमदाबाद से मुंबई के लिए काम भी शुरू हो चुका है। दिल्ली से गुड़गांव तक यह ट्रेन अंडरग्राउंड चलेगी। गुड़गांव क्राॅस होने के बाद जमीन पर बाहर ही तेज गति से चलेगी। जयपुर से अहमदाबाद के बीच का काम अब प्रोजेक्ट की मंजूरी के बाद शुरू होगा।