• 50 हजार रुपए नकदी, लैपटॉप व हथियार सहित एक आरोपी गिरफ्तार

दैनिक खोज खबर/एकमा/रसूलपुर (सारण)। जिले के रसूलपुर थाना क्षेत्र के सारांव- तेलियाडीह गांव में संचालित उत्तर बिहार ग्रामीण बैंक की एक सीएसपी के संचालक से मंगलवार दोपहर करीब 12 : 40 बजे हथियार के बल पर लूट की बड़ी वारदात हुई।  बताया गया है कि दो बाइक पर सवार पांच लुटेरों ने सीएसपी संचालक को हथियार का भय दिखाते हुए एक लाख चौबीस हजार रुपये लूट लिए और मौके से फरार हो गए। घटना की सूचना मिलते ही रसूलपुर थानाध्यक्ष राहुल कुमार श्रीवास्तव के नेतृत्व में सशस्त्र पुलिस बल सक्रिय हुई और स्थानीय लोगों की निशानदेही पर लुटेरों का पीछा किया। इसी दौरान मांझी थाना पुलिस की सहायता से मांझी थाना क्षेत्र के महम्मदपुर पुलिस पिकेट के पास से घटना के लगभग एक घंटे के भीतर एक लुटेरे को गिरफ्तार कर लिया गया। गिरफ्तार लुटेरे के पास से पुलिस ने लूट की 50 हजार रुपये नकद, एक लैपटॉप, एक पिस्टल व एक स्प्लेंडर प्लस बाइक बरामद की है।

पुलिस सूत्रों के अनुसार लूटकांड में शामिल अन्य चार लुटेरे मौके का फायदा उठाकर भागने में सफल हो गए। गिरफ्तार युवक से पूछताछ के बाद उसकी निशानदेही पर पुलिस अन्य आरोपितों की गिरफ्तारी हेतु लगातार छापेमारी कर रही है।