
दैनिक खोज खबर/मढ़ौरा (सारण)। अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस के अवसर पर रविवार को मढ़ौरा में सरकारी और गैर-सरकारी संस्थाओं द्वारा विभिन्न स्थानों पर योग शिविरों का आयोजन किया गया। इन शिविरों में स्थानीय अधिकारियों, कर्मचारियों और आम नागरिकों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया और स्वास्थ्य के प्रति सजग रहने का संकल्प लिया। नगर पंचायत भवन में सरकारी अधिकारियों और कर्मचारियों के लिए योग शिविर आयोजित किया गया। इस कार्यक्रम का विधिवत उद्घाटन अंचलाधिकारी अंबपाली यादव, प्रखंड विकास पदाधिकारी अभिषेक कुमार प्रभाकर, भूमि उपसमाहर्ता धन्नजय त्रिपाठी,कार्यपालक पदाधिकारी हरिश्चंद्र और स्वच्छता पदाधिकारी रश्मि कुमारी ने संयुक्त रूप से दीप प्रज्वलित कर किया। शिविर में योग प्रशिक्षक मोहम्मद अली ने उपस्थित सभी अधिकारियों और कर्मियों को विभिन्न योगासन कराए और उनके महत्व को समझाया।

इसके अतिरिक्त, मढ़ौरा अनुमंडलीय व्यवहार न्यायालय परिसर में भी योग शिविर का आयोजन किया गया, जहां न्यायिक व्यवस्था से जुड़े अधिकारियों और गणमान्य सदस्यों ने योगाभ्यास किया
दूसरी ओर रविवार सुबह मढ़ौरा चीनी मिल खेल मैदान में एक गैर-सरकारी संस्था द्वारा योग शिविर का आयोजन किया गया। इस शिविर में बड़ी संख्या में स्थानीय नागरिकों और प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी कर रहे छात्र-छात्राओं ने हिस्सा लिया। शिविर में योग प्रशिक्षक के रूप में उपस्थित सेवानिवृत्त बैंक कर्मी सुरेंद्र सिंह और फिजियोथैरेपिस्ट डॉ. निशिंदिता राज ने लोगों को योग के विभिन्न गुर सिखाए और इससे होने वाले शारीरिक व मानसिक लाभों की जानकारी दी।इस अवसर पर क्षेत्र के कई अन्य सरकारी व निजी संस्थानों में भी योग शिविर आयोजित कर लोगों को निरोग रहने का संदेश दिया गया।





Recent Comments