मढ़ौरा(सारण)। सेना की वर्दी चार दिन के लिए मिले या चार साल की लिए, ये गौरव की बात है। उक्त बातें वायु सेना भर्ती के की तैयारी कर रहे अभ्यर्थी मढ़ौरा गांधीनगर वासी कामेश्वर सिंह के पुत्र आदित्य कुमार ने कही। केंद्र सरकार के अग्निपथ योजना को लेकर उन्होंने कहा कि सेना में भर्ती चार दिन की हो या फिर 4 साल की लाखों भारतीयों को सेना की वर्दी से प्यार है और यह गर्व की बात है। तभी तो मेरे जैसे युवा पिछले पांच दिनों में वायु सेना में निकली भर्ती के लिए लाखों की संख्या में ऑनलाइन आवेदन कर चुके हैं। वहीं सेना भर्ती की तैयारी कर रहे अन्य दर्जनों युवाओं की मनोदशा जानने की कोशिश की गई तो अग्निपथ योजना को लेकर सेना भर्ती की तैयारी कर रहे युवाओं ने बताया कि अग्निपथ योजना युवा वर्ग के लिए बरदान साबित होने वाला है। तीन साल से सेना में भर्ती होने के इंतजार में कर रहे हैं। कोरोना काल से रुकी भर्तियों के कारण युवा बड़ी संख्या में सेना में जाने के लिए अपनी तैयारी रखे हुए हैं।उन्हें ये अग्निपथ योजना बड़ा अवसर प्रदान करेगा और देश के अधिसंख्य युवाओं को देश सेवा का मौका भी मिलेगा। अगर हम अग्निवीर बन भी गए तो क्या हुआ जितना भी समय सेना में रहेंगे, पूरी लगन से देश की रक्षा करते रहेंगे। साथ ही अग्निपथ के माध्यम से देश सेवा के लिए युवाओं की फौज तैयार होने से देश की सुरक्षा और मजबूत होगी। मालूम हो कि भारतीय सेना के तीनों प्रमुखों ने सेना में छोटी अवधि की नियुक्तियों को लेकर ‘अग्निपथ’ नीति की घोषणा की है.जिसकों लेकर इस योजना का कही समर्थन तो कही विशेषकर विपक्षी राजनीतिक दलों के विरोध के स्वर सुनाई दे रहे हैं।