मांझी(सारण)। हिमाचल प्रदेश में पोस्टेड आर्मी में नायक व बरवां गांव निवासी दूधनाथ सिंह के पुत्र प्रमोद कुमार सिंह को प्रयागराज से बरामद कर लिया गया है। प्रमोद को प्रयागराज जंक्शन से जीआरपी प्रभारी ने नशे की हालत में देख कर एक रेस्ट हाउस में रख कर परिजनों को सूचित कर बुलाया तथा उन्हें सौंप दिया। दूधनाथ सिंह ने बताया कि उन्हें बेटे प्रमोद की जानकारी मेरे पड़ोसी ललन सिंह एवं धनंजय सिंह से मिली जो प्रयागराज में हीं रहते हैं। वे लोग तलाश करते हुए जब जंक्शन पहुंचे और पूछताछ की तो जीआरपी के द्वारा बताया गया कि दो दिनों से एक भटकता हुआ युवक मिला था। जिसे एक रेस्ट हाउस में रखा गया है। उसके बाद दोनों रेस्ट हाउस पहुंचे और प्रमोद को पहचान गए। बता दें कि विगत 20 फरवरी को ड्यूटी से छुट्टी लेकर रवाना होने के बाद भी गांव नही पहुंचने और मोबाइल फोन स्विच ऑफ मिलने के बाद से परिजन परेशान थे। बरवां निवासी आर्मी ऑफिसर के पिता दूधनाथ सिंह ने दाउदपुर थाना व सारण एसपी सहित कई वरीय अधिकारियों को आवेदन देकर तलाश करने की गुहार लगायी थी। परिजनों से मिलकर सेना के नायक ने रेल पुलिस का आभार ब्यक्त किया तथा ईश्वर की कृपा के प्रति कृतज्ञता प्रकट की।