
दैनिक खोज खबर/सारण। जन सुराज पार्टी के प्रदेश स्तरीय शीर्ष मंडल के सदस्य सरवर अली के नेतृत्व में प्रदेश के वरिष्ठ नेताओं, प्रमंडल और जिला स्तर के दर्जनों पदाधिकारियों का प्रतिनिधिमंडल आज सारण के डेहरी थाना क्षेत्र के पट्टी शीतल गांव पहुंचा। यहां दसवीं कक्षा में पढ़ रही एक मासूम बच्ची के साथ हुए दुष्कर्म और उसके बाद हुई निर्मम हत्या के मामले में नेताओं ने पीड़ित परिवार से मुलाकात कर उनका हाल जाना।
प्रतिनिधिमंडल ने कहा कि वहां की स्थिति अत्यंत गंभीर और संवेदनशील है। पीड़ित परिवार को न्याय दिलाने के लिए जन सुराज पार्टी पूरी तरह सजग है और आगे भी इस मामले में मजबूती से आवाज उठाती रहेगी। इस दौरान वरिष्ठ नेता राकेश पटेल , प्रमंडल प्रभारी ललित तिवारी, संगठन प्रभारी बच्चा राय , जिला मुख्य प्रवक्ता कुलदीप महासेठ,युवा नेता संतोष कुमार सिंह सहित जिले के दर्जनों वरिष्ठ नेता गण उपस्थित रहे।
इससे पहले रविवार को जन सुराज पार्टी के स्थानिय नेता और कार्यकर्ताओं ने इस घटना को लेकर पुलिस की कार्यशैली और जांच प्रक्रिया पर भी गंभीर सवाल उठाए थे। पीड़ित परिवार से मुलाकात और स्थानीय प्रशासन से बातचीत के आधार पर कई ऐसी बातें सामने आई हैं, जो बिहार की कानून-व्यवस्था पर प्रश्नचिह्न खड़ा करती हैं।
पीड़िता की बड़ी बहन ने रोते हुए बताया कि कुएं से बच्ची का शव निकालने के बाद उसे लगभग चार घंटे तक वहीं पड़ा रहने दिया गया। पोस्टमार्टम के लिए शव ले जाने के लिए पुलिस की ओर से एंबुलेंस उपलब्ध नहीं कराई गई। बाद में स्थानीय कोतवाल की मदद से एंबुलेंस बुलाया गया, लेकिन उसके पेट्रोल के लिए भी पीड़ित परिवार को ही 600 रुपये देने पड़े। इतना ही नहीं, पोस्टमार्टम के बाद शव लेने के लिए भी परिवार को 3000 रुपये देने पड़े। दूसरी ओर, स्थानीय जांच अधिकारी का कहना है कि मामले की जांच अभी जारी है और चारों आरोपी अब तक गिरफ्तार नहीं हुए हैं। इसके बावजूद जिले के एसएसपी मीडिया के सामने आकर इसे प्रेम-प्रसंग का मामला बताते हुए यह कह रहे हैं कि लड़की ने कुएं में कूदकर आत्महत्या की है।




Recent Comments