दैनिक खोज खबर/दरियापुर (सारण)। डेरनी थाना क्षेत्र के एक नाबालिक बच्ची के साथ दुष्कर्म के बाद हत्या के मामले को लेकर पूर्णिया के सांसद पप्पू यादव पीड़ित परिवार से मिलने गांव पहुंचे। इस दौरान उन्होंने परिजनों से मुलाकात कर उन्हें ढांढस बंधाया और कहा कि जब तक पीड़ित परिवार को न्याय नहीं मिलेगा, तब तक वे उनके साथ खड़े रहेंगे। मौके पर पत्रकारों से बातचीत करते हुए सांसद ने कहा कि पुलिस ने अभी तक जांच की पूरी प्रक्रिया पूरी नहीं की है, लेकिन जल्दबाजी में प्रेस रिलीज जारी कर दिया गया। उन्होंने कहा कि उन्होंने इस मामले में पुलिस के दावे का काउंटर किया है और सच्चाई सामने लाने की मांग की है। सांसद ने कहा कि वे यहां किसी राजनीति के लिए नहीं बल्कि बेटी के सवाल को लेकर आए हैं। उन्होंने कहा कि बेटी की कोई जाति नहीं होती, बेटी पूरे समाज की होती है। इस घटना में हत्या हुई है, इसे झुठलाया नहीं जा सकता। जब तक एफएसएल रिपोर्ट नहीं आ जाती, तब तक सीनियर प्रशासन को थाना के बचाव में नहीं आना चाहिए। उन्होंने कहा कि ठीक इसी तरह का मामला पहले भी नीट की एक छात्रा के मामले में सामने आया था, जहां घटना के पीछे की परिस्थितियों को देखे बिना पुलिस ने सीधे प्रेम प्रसंग का एंगल सामने रख दिया था। सांसद ने कहा कि किसी भी बच्ची की मौत के बाद उसके चरित्र पर सवाल उठाना बेहद गलत है और इससे परिवार की पीड़ा और बढ़ती है।
    सांसद पप्पू यादव ने राज्य सरकार पर भी निशाना साधते हुए कहा कि सरकार का इकबाल खत्म हो चुका है। हर दिन किसी न किसी बच्ची के साथ सामूहिक दुष्कर्म की घटनाएं सामने आ रही हैं, लेकिन सरकार को इसकी कोई चिंता नहीं है। उन्होंने कहा कि यह धनपशुओं की सरकार बनकर रह गई है, जिसे गरीब और कमजोर परिवारों की पीड़ा से कोई मतलब नहीं है। उन्होंने कहा कि इस मामले को वे संसद में भी उठाएंगे और दोषियों को कड़ी से कड़ी सजा दिलाने की मांग करेंगे। साथ ही उन्होंने सरकार से मांग की कि पीड़ित परिवार को आर्थिक सहायता दी जाए और मामले की निष्पक्ष जांच सुनिश्चित की जाए। उन्होंने यह भी कहा कि हत्या के इस मुकदमे को किसी भी कीमत पर डायवर्ट नहीं किया जाना चाहिए।
सांसद ने युवाओं में बढ़ते नशे के चलन पर भी चिंता व्यक्त की। उन्होंने कहा कि आजकल युवाओं में सूखा नशा का प्रचलन तेजी से बढ़ रहा है और इंटरनेट के माध्यम से अश्लील सामग्री देखने की प्रवृत्ति भी बढ़ रही है, जिससे समाज में गलत मानसिकता पनप रही है और किसी भी घर की बेटी सुरक्षित नहीं रह गई है।

यूट्यूब वालों से परिजनों की अपील, परेशान नहीं करें :

वहीं मृतका के पिता ने भी मीडिया के कुछ यूट्यूबर और पत्रकारों से अपील की कि वे अब उनके घर आकर उन्हें परेशान न करें। उन्होंने कहा कि लगातार लोगों के आने-जाने से परिवार की पीड़ा और बढ़ रही है, इसलिए इस दुख की घड़ी में उन्हें थोड़ा समय और शांति दी जाए।

इस दौरान बड़ी संख्या में ग्रामीण और स्थानीय लोग भी मौजूद थे, जिन्होंने इस घटना पर गहरा आक्रोश जताते हुए दोषियों को जल्द से जल्द गिरफ्तार कर सख्त सजा देने की मांग की।