इसुआपुर : थाना क्षेत्र के सहवां गांव के रामेश्वर गिरी के 25 वर्षीय पुत्र विनय कुमार गिरी का शव जैसे ही कोलकाता से पैतृक गांव सहवां पहुंचा कि गांव में कोहराम मच गया। परिजन दहाड़ मार कर रोने लगे। वहीं गांव में मातम छा गया। विनय कोलकाता में ट्रक चलाते थे। जहां ड्यूटी के दौरान ही उनकी संदेहास्पद स्थिति में मौत हो गई। घटना की सूचना वहां रह रहे गांव के अन्य व्यक्तियों द्वारा घर वालों को दी गई ।जिसके बाद परिजनों ने वहां पहुंचकर शव को घर लाया। घर के कमाऊ सदस्य के असामयिक निधन से परिवार पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा है। मृतक की विधवा पूजा देवी अपने पांच माह के बेटे आयांश को गोद में लेकर विलाप करते करते बार-बार बेहोश हो जा रही थी। वहीं उसका तीन वर्षीय बेटा संदीप बाबा रामेश्वर गिरी की गोद में एक टक लोगों को निहार रहा था। माता पावधरी देवी तथा पिता का रो-रो के हाल बुरा है। वे अपनी विधवा बहू तथा पोतों के परवरिश व भविष्य को लेकर चिंतित हैं। जदयू के पूर्व प्रदेश सचिव शैलेंद्र प्रताप सिंह, प्रखंड अध्यक्ष छविनाथ सिंह, अनवर हुसैन,भाजपा नेता धीरज सिंह, मुखिया संगम बाबा, शेख आजाद,अशोक मांझी, मुजम्मिल हुसैन, जगलाल राय, उमेश सिंह, मोहम्मद इजहार समेत दर्जनों लोगों ने अपनी गहरी शोक संवेदना व्यक्त की है। वहीं शोक संतप्त परिजनों को ढ़ाढ़स बंधाया।




Recent Comments