मांझी(सारण)। प्रतिवर्ष की भांति इस वर्ष भी सरयु नदी के प्रसिद्ध रामघाट पर महापर्व छठ के अवसर पर छपरा शहर समेत विभिन्न हिस्सों बड़ी संख्या में व्रती व श्रद्धालुओं की भीड़ जुटेगी। शनिवार को व्रतियों द्वारा अस्ताचल गामी भगवान भास्कर को अर्घ्य अर्पित किया जाएगा। जिसको लेकर रामघाट समेत विभिन्न घाटों पर स्थानीय व प्रशासनिक स्तर पर सारी तैयारियां पूरी कर ली गई है। घाटों की मरम्मत, सफाई के साथ ही आकर्षक सजावट की गई है। व्रतियों व श्रद्धालुओं की सुविधा के लिहाज से सुरक्षा के व्यापक इंतजाम किये गए हैं। प्रशासनिक स्तर पर बाबा मधेश्वर नाथ घाट सहित अन्य खतरनाक घाटों पर बैरिकेडिंग कर दी गई है। वहीं लोगों को सलाह दी गई है कि पाबंदी वाले जगहों पर नदी के अंदर प्रवेश न करें। सीओ दिलीप कुमार ने बताया कि नदी के किनारे एनडीआरएफ के 12 सदस्यीय टीम को तैनात किया गया है। स्थानीय गोताखोरों को भी नाव के साथ तैनात किया गया है। रेलपुल के ऊपर चढ़ने व सेल्फी लेने से लोगों को मना किया गया है। स्थानीय पुलिस भी हर स्थिति से निपटने के लिए तैयार है। पूजा समितियों से भी आग्रह किया गया है कि वे व्रतियों व श्रद्धालुओं की सुविधा का ख्याल रखने में पूर्व की भांति प्रशासन का सहयोग करें। वहीं पहली बीडीओ नील कमल ने बताया कि पहली बार एसडीओ अभिलाषा शर्मा के निर्देश पर रात प्रशासनिक स्तर पर सांस्कृतिक कार्यक्रम का आयोजन किया जा रहा है। जिसमे कई चर्चित लोक गायकों को आमंत्रित किया गया है।