सरकार की गलत नीतियों से शिक्षक परेशान : केदारनाथ
मैरवा (सिवान) : राजेंद्र कुष्ठ सेवा आश्रम बालिका उच्च विद्यालय सह इंटर कॉलेज अनुग्रह नगर में सेवानिवृत्त शिक्षक सम्मान समारोह एवं विचार गोष्ठी आयोजित किया गया। इसे संबोधित करते हुए विधान पार्षद सह माध्यमिक शिक्षक संघ के प्रदेश अध्यक्ष केदारनाथ पांडेय ने कहा कि सरकार की गलत नीतियों का खामियाजा शिक्षक भुगत रहे हैं। उत्क्रमित माध्यमिक विद्यालयों के शिक्षकों को आठ महीने से वेतन नहीं मिल सका है। वेतन के अभाव में ऐसे शिक्षकों की स्थिति क्या होगी ? सरकार मध्य विद्यालयों को उच्च विद्यालय में उत्क्रमित कर रही है,लेकिन ऐसे विद्यालय भवन शिक्षक व संसाधन उपलब्ध नहीं है। कुछ उत्क्रमित माध्यमिक विद्यालयों में दो तीन शिक्षक दिए गए हैं।उत्क्रमित माध्यमिक विद्यालयों की व्यवस्था प्राथमिक और मध्य विद्यालय के शिक्षकों के हाथों में है। शिक्षकों के साथ छात्र भी समस्या से जूझ रहे हैं।समस्याओं से जूझने को सरकार की नीतियां विवश कर रही हैं। उन्होंने कहा कि सरकार को नियोजित शिक्षकों को समान वेतनमान देना ही होगा।संबोधित करते हुए सारण स्नातक निर्वाचन क्षेत्र के विधान पार्षद प्रो. डॉ वीरेंद्र नारायण यादव ने कहा कि विद्यालयों में छात्राओं की संख्या काफी बढ़ी है। यह महिला अधिकार को लेकर चली लंबी लड़ाई का परिणाम है। प्राचार्य संघ के प्रदेश अध्यक्ष डॉ. टीपी सिंह ने कहा कि शिक्षक कभी सेवानिवृत्त नहीं होते। समाज हमेशा उन्हें उम्मीद भरी नजरों से देखता है और इसका उन्हें निर्वहन करना पड़ता है। समारोह में पूर्व प्राचार्य मुनेंद्र पांडेय, शुभ्रानंदी, बच्चा प्रसाद, आभा पांडेय राधा देवी समेत कई को विद्यालय के प्राचार्य डॉक्टर उमेश चंद्र पांडेय ने अंग वस्त्र देकर सम्मानित किया गया।
साभार : परवेज अख़्तर , सिवान




Recent Comments