
गंडक नदी के तटीय इलाकों का निरीक्षण करते विधायक जनक सिंह व अन्य
पानापुर (सारण):गंडक नदी में संभावित बाढ़ के खतरे को देखते हुए तरैया विधायक और बिहार विधानसभा याचिका समिति के सभापति जनक सिंह ने गुरुवार को सारण तटबंध का व्यापक निरीक्षण किया। विधायक ने बंगराघाट पुल से लेकर चकिया, सरौजा, पृथ्वीपुर, फतेहपुर, सोनवर्षा, बसहिया, भोरहा और रामपुर रुद्र समेत विभिन्न तटवर्ती गांवों का दौरा किया।
निरीक्षण के दौरान उन्होंने तटबंध की मजबूती, जलस्तर और सुरक्षा इंतजामों का जायजा लिया। उन्होंने जल संसाधन विभाग के अधिकारियों को पूरी तरह सतर्क रहने और 24 घंटे निगरानी रखने के कड़े निर्देश दिए। साथ ही, संवेदनशील और कमजोर जगहों को चिह्नित कर वहां तत्काल मरम्मत कार्य कराने और बालू की बोरियां सुरक्षित रखने को कहा गया।
विधायक ने ग्रामीणों से बातचीत कर उन्हें धैर्य रखने और आश्वस्त किया कि प्रशासन किसी भी स्थिति से निपटने के लिए पूरी तरह तैयार है। इस मौके पर सीओ अजय कुमार, बीडीओ आनंद पांडेय, थानाध्यक्ष संजीत कुमार, जल संसाधन विभाग के अभियंता और कई स्थानीय जनप्रतिनिधि मौजूद रहे।




Recent Comments