
छपरा:विज्ञान को केवल किताबों तक सीमित न रखकर उसे जीवन और नवाचार से जोड़ने के उद्देश्य से सरस्वती शिशु विद्या मंदिर, दर्शन नगर, छपरा में एक प्रेरणादायक ‘विज्ञान मोटिवेशन कार्यक्रम’ का आयोजन किया गया। कक्षा नवम और दशम के भैया-बहनों के लिए आयोजित इस कार्यक्रम में विद्यार्थियों ने भारी उत्साह के साथ हिस्सा लिया।
दीप प्रज्ज्वलन के साथ हुआ शुभारंभ
कार्यक्रम की शुरुआत विद्यालय प्रबंधकारिणी समिति के उपाध्यक्ष रामेश्वर प्रसाद यादव, सचिव सुरेश प्रसाद सिंह और प्रधानाचार्य विनोद कुमार ने संयुक्त रूप से दीप प्रज्ज्वलित कर की। इस अवसर पर रामेश्वर प्रसाद यादव ने विद्यार्थियों में वैज्ञानिक सोच विकसित करने और शिक्षा में व्यावहारिक दृष्टिकोण अपनाने के महत्व पर प्रकाश डाला।
विशेषज्ञों ने दिखाई विज्ञान और नवाचार की राह
कार्यक्रम में विभिन्न विद्यालयों एवं महाविद्यालयों से आए प्रबुद्ध विज्ञान विशेषज्ञों ने छात्रों का मार्गदर्शन किया। प्रमुख वक्ता के रूप में शामिल रहे:
- डॉ. पंकज कुमार सिंह (प्रधानाचार्य, राष्ट्रीय उच्च विद्यालय नरहरपुर, मढ़ौरा)
- यशपाल सिंह (विज्ञान शिक्षक, राजकीय कन्या उच्च विद्यालय, छपरा)
- डॉ. नवीन कुमार ओझा (जंतु विज्ञान विभाग, लोक महाविद्यालय, हाफिजपुर)
- जितेंद्र कुमार (सी.एन.पी.जी. हाई स्कूल, बेनवत)
- कुमार मयंक (10+2 जलालपुर हाई स्कूल)
- अमित (तपसी उच्च विद्यालय, चिरांद)
विशेषज्ञों ने विद्यार्थियों को जिज्ञासु बनने, खुलकर प्रश्न पूछने, प्रयोग करने और तर्क के आधार पर सोचने की प्रेरणा दी। उन्होंने तकनीक के क्षेत्र में उपलब्ध अवसरों और भविष्य की अनुसंधान संभावनाओं से भी छात्रों को अवगत कराया।
छात्रों में दिखा विशेष उत्साह
सत्र के दौरान भैया-बहनों ने विशेषज्ञों से विज्ञान के विभिन्न विषयों पर खुलकर संवाद किया, जिससे उनमें विज्ञान के प्रति एक नई रुचि और जिज्ञासा देखने को मिली।
कार्यक्रम को सफल बनाने में विद्यालय के विज्ञान आचार्यो अनिल कुमार आजाद, दिलीप पति तिवारी, ऋचा गुप्ता और संगीता कुमारी की सक्रिय भूमिका रही। अंत में, विद्यालय के सचिव सुरेश प्रसाद सिंह ने धन्यवाद ज्ञापन करते हुए सभी अतिथियों, शिक्षकों और विद्यार्थियों के प्रति आभार व्यक्त किया।




Recent Comments